Income Tax Return Filing: इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने 2023 में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। 31 दिसंबर 2023 तक आकलन वर्ष (AY) 2023-24 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने वालों की संख्या रिकॉर्ड 8.18 करोड़ तक पहुंच गई है। जबकि पिछले वर्ष समान अवधि में 7.51 करोड़ आईटीआर दाखिल किए गए थे। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि यह आकलन वर्ष 2022-23 के लिए दाखिल किए गए कुल आईटीआर से 9 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि के दौरान दाखिल की गई ऑडिट रिपोर्ट और अन्य फॉर्म की कुल संख्या 1.60 करोड़ है जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में 1.43 करोड़ ऑडिट रिपोर्ट और फॉर्म दाखिल किए गए थे। साथ ही कहा गया कि समय पर अनुपालन को लेकर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट टैक्सपेयर्स और टैक्स प्रोफेशनल्स की सराहना करता है। इससे इनकम टैक्स रिटर्न की संख्या बढ़ी है आर आकलन वर्ष 2023-24 में 31 दिसंबर तक 8.18 करोड़ आईटीआर भरे गये। जबकि एक साल पहले 31 दिसंबर, 2022 तक 7.51 करोड़ आईटीआर भरे गये थे।
ऐसे तेजी से फाइल हुआ आईटीआर
CBDT ने कहा कि यह भी देखा गया है कि बड़ी संख्या में टैक्सपेयर्स ने अपने वार्षिक सूचना स्टेटमेंट (AIS) और टैक्सपेयर इंफॉर्मेशन समरी (TIS) को देखकर अपने वित्तीय लेनदेन के डेटा की तुलना करके अपना उचित योगदान दिया। टैक्सपेयर्स द्वारा अनुपालन को और आसान बनाने के लिए सभी आईटीआर के लिए डेटा का एक बड़ा हिस्सा वेतन, ब्याज, लाभांश, व्यक्तिगत जानकारी, टीडीएस से संबंधित जानकारी समेत टैक्स भुगतान, आगे लाए गए नुकसान, एमएटी क्रेडिट आदि से संबंधित डेटा से भरा हुआ था। इस सुविधा का बड़े पैमाने पर उपयोग किया गया, जिसके परिणामस्वरूप आईटीआर को आसानी से और तेजी से दाखिल किया जा सका।
टैक्स भुगतान प्रक्रिया को बनाया गया आसान
CBDT ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-2024 के दौरान ऑनलाइन टैक्स अकाउंटिंग सिस्टम (OLTAS) की जगह, ई-फाइलिंग पोर्टल पर एक डिजिटल ई-पे टैक्स भुगतान प्लेटफॉर्म-टीआईएन 2.0 को पूरी तरह कार्यात्मक बना दिया गया था। इसने इंटरनेट बैंकिंग, NEFT/RTGS, OTC, डेबिट कार्ड, पेमेंट गेटवे और UPI जैसे करों के ई-भुगतान के लिए यूजर के अनुकूल विकल्पों को सक्षम किया। TIN 2.0 प्लेटफॉर्म ने टैक्सपेयर्स को वास्तविक समय पर टैक्स जमा करने में सक्षम बनाया है जिससे आईटीआर दाखिल करना आसान और फास्ट हो गया है। मंत्रालय ने आगे कहा कि टैक्सपेयर्स को अपने आईटीआर और फॉर्म जल्दी दाखिल करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए लक्षित ई-मेल, एसएमएस और अन्य रचनात्मक अभियानों के माध्यम से 103.5 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई। मंत्रालय ने दावा किया कि इस तरह के ठोस प्रयासों के फलदायी परिणाम सामने आए और एवाई 2023-24 से 31.12.2023 तक के लिए 9 प्रतिशत अधिक आईटीआर दाखिल किए गए।
ई-फाइलिंग हेल्पडेस्क ने की टैक्सपेयर्स को मदद
ई-फाइलिंग हेल्पडेस्क टीम ने वर्ष के दौरान 31 दिसंबर 2023 तक टैक्सपेयर्स के करीब 27.37 लाख प्रश्नों को हेंडल किया और अधिकतम फाइलिंग अवधि के दौरान करदाताओं को सक्रिय रूप से समर्थन दिया। हेल्पडेस्क से टैक्सपेयर्स को इनबाउंड कॉल, आउटबाउंड कॉल, लाइव चैट, वेबएक्स और सह-ब्राउजिंग सत्र के माध्यम से सहायता प्रदान की गई। हेल्पडेस्क टीम ने ऑनलाइन रिस्पांस मैनेजमेंट (ORM) के जरिये विभाग के एक्स (ट्विटर) हैंडल पर प्राप्त प्रश्नों के समाधान का भी समर्थन किया। टैक्सपेयर्स या हितधारकों तक सक्रिय रूप से पहुंचकर और वास्तविक समय के आधार पर विभिन्न मुद्दों पर उनकी सहायता की। आईटी विभाग टैक्सपेयर्स से अनुरोध करता है कि वे किसी भी परिणाम से बचने के लिए आईटीआर दाखिल करने के 30 दिनों के भीतर अपने असत्यापित आईटीआर को सत्यापित करें।
