इनकम टैक्स

New Income Tax Slab 2025: आज से 12 लाख तक की कमाई पर नहीं लगेगा इनकम टैक्स, जानिए क्या बदला

New Income Tax Slab 2025: आज 1 अप्रैल से नए फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत हो चुकी है। सालाना 12 लाख रुपए तक की इनकम वाले लोगों को अब टैक्स का भुगतान करने से छूट मिलेगी। यह बदलाव नई टैक्स रीजीम का हिस्सा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025-26 पेश करते हुए ऐलान किया था।

Image

सैलरी क्लास वालों के लिए आज से बल्ले-बल्ले (तस्वीर-Canva)

New Income Tax Slab 2025: 1 अप्रैल 2025 से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही केंद्रीय बजट 2025 में किए गए कुछ महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो गए हैं। इन बदलावों में सबसे महत्वपूर्ण है आयकर छूट सीमा का बढ़ना। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में ऐलान किया था कि अब 12 लाख तक की वार्षिक आय पर किसी भी प्रकार का आयकर नहीं लिया जाएगा। यह नया टैक्स स्लैब 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी हो गया है, जो वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आया है।

New Income Tax Slab 2025: नए टैक्स स्लैब में क्या बदलाव हुआ है?

नए स्लैब के तहत 7 लाख से बढ़ाकर अब 12 लाख तक की आय पर टैक्स में छूट दी गई है। इसका मतलब यह हुआ कि अब 12 लाख तक की सालाना आय पर कोई टैक्स नहीं लिया जाएगा। इससे उन लोगों को फायदा होगा, जिनकी आय 7 लाख से 12 लाख के बीच है। इस बदलाव का सीधा असर उनकी सैलरी पर पड़ेगा, क्योंकि टैक्स कटौती कम होने से उनका नेट सैलरी बढ़ सकता है।

  • आयकर छूट सीमा: 12 लाख रुपए तक टैक्स फ्री।
  • टैक्स स्लैब में बदलाव: मिडिल और हाई इनकम वालों को मिलेगा फायदा।
  • सैलरी पर असर: टैक्स कटौती कम होने से बढ़ेगी सैलरी।
  • मानक कटौती: टैक्सपेयर्स को 75,000 रुपए की कटौती मिलेगी।

New Income Tax Slab 2025

  • 0-4 लाख NIL
  • 4-8 लाख 5%
  • 8-12 लाख 10%
  • 12-16 लाख 15%
  • 16-20 लाख 20%
  • 20-24 लाख 25%
  • 24 लाख से ज्यादा 30%

हाई इनकम वाले लोगों को भी मिलेगा फायदा

इस बदलाव का असर केवल मिडिल इनकम वाले व्यक्तियों पर नहीं, बल्कि हाई इनकम वाले लोगों पर भी पड़ेगा। जैसे कि 20 लाख रुपए तक की आय पर 90,000 रुपए की छूट और 25 लाख से 50 लाख तक की आय पर 1,10,000 रुपए की छूट मिलेगी। इससे टैक्स का बोझ कम होगा और उनकी सालाना छूट बढ़ेगी।

टैक्स स्लैब का असर सैलरी पर

इस नए टैक्स स्लैब के चलते, जिन कर्मचारियों की सालाना आय 7 लाख से 12 लाख के बीच है, उनकी सैलरी में 6,600 रुपए तक का इजाफा हो सकता है। इसके साथ ही, टैक्सपेयर्स 75,000 रुपए की मानक कटौती का फायदा भी उठा सकते हैं, जिससे कुल छूट राशि लगभग 12.75 लाख रुपए हो सकती है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article