Income Tax Department Fake Email Alert: इनकम टैक्स विभाग ने शुक्रवार (18 जुलाई 2025) को आम जनता को टैक्स रिफंड से जुड़े फर्जी ईमेल के प्रति सचेत किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वह कभी भी ईमेल के माध्यम से किसी टैक्सपेयर से बैंक डिटेल्स या व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगता।
एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी पोस्ट में इनकम विभाग ने कहा कि कई टैक्सपेयर्स को ऐसे ईमेल प्राप्त हो रहे हैं जिनमें "Income Tax Refund" के नाम पर "Manual Confirmation" की मांग की जा रही है। विभाग ने इसे एक #Phishing Scam करार देते हुए जनता से कहा कि वे ऐसे ईमेल में दिए गए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
इनकम टैक्स विभाग (Income Tax Department) ने आगाह किया कि ऐसे ईमेल फर्जी होते हैं और इनका उद्देश्य टैक्सपेयर्स की संवेदनशील जानकारी चुराकर उनका दुरुपयोग करना है। इससे वित्तीय धोखाधड़ी की आशंका बनी रहती है।
इनकम टैक्स विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे टैक्स रिफंड स्टेटस जांचने के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट incometax.gov.in का ही उपयोग करें। किसी भी अन्य स्रोत पर भरोसा न करें।
Income Tax Fake email: क्या करें, क्या न करें
- कोई भी संदिग्ध ईमेल, लिंक या अटैचमेंट खोलने से बचें।
- अगर कोई ईमेल इनकम टैक्स विभाग के नाम पर बैंक डिटेल्स, ओटीपी या पर्सनल जानकारी मांगे, तो उसे तुरंत स्पैम या फिशिंग के रूप में रिपोर्ट करें।
- केवल आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप्स के जरिए ही रिटर्न स्टेटस या रिफंड की जानकारी लें।
- किसी भी संदेह की स्थिति में इनकम टैक्स विभाग की हेल्पलाइन या साइबर क्राइम सेल से संपर्क करें।
इनकम टैक्स (Income Tax) विभाग ने दोहराया कि टैक्सपेयर्स की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है, और सभी को सतर्क रहकर ऐसे साइबर धोखाधड़ी से खुद को सुरक्षित रखना चाहिए।
