बिजनेस

2026 में कैसी रहेगी शेयर बाजार की चाल, किन सेक्टर में बनेगा पैसा? पढ़ें पूरा सेक्टोरल आउटलुक

2026 Stock Market outlook: मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार, मिड कैप शेयरों के लार्ज कैप और स्मॉल कैप शेयरों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करने की संभावना है। हालांकि यह बढ़त बहुत ज्यादा नहीं हो सकती। सोने और चांदी में भी बढ़त की संभावना है, क्योंकि दुनिया भर के केंद्रीय बैंक इनकी खरीद जारी रखे हुए हैं।

Image

2026 स्टॉक मार्केट

2026 Stock Market outlook: साल 2025 ने शेयर बाजार ने निवेशकों को निराश ही किया है। एक ओर जहां सोने और चांदी ने निवेशकों की छप्परफाड़ कमाई कराई है, वहीं, दूसरी ओर सेंसेक्स और निफ्टी ने निवेशकों को मामूली रिटर्न दिया है। अब सब की निगाहें 2026 पर टिकी है। अगर आप भी शेयर बाजार में पैसा लगाते हैं तो यह खबर आपके लिए है। आप यह जरूर जानना चाहेंगे कि 2026 में शेयर बाजार की चाल कैसी रहेगी? अगले साल बाजार की चाल को लेकर कोटक म्यूचुअल फंड के एनुअल मार्केट आउटलुक 2026 के अनुसार, ब्याज दरों में नरमी और मजबूत स्ट्रक्चरल ग्रोथ के कारण शेयर बाजार और फिक्स्ड इनकम दोनों में अच्छे निवेश अवसर मिलने की संभावना है। आइए भारतीय स्टॉक मार्केट के आउटलुक पर एक नजर डालते हैं।

कौन–कौन सेक्टर कर सकते हैं अच्छा?

बैंकिंग सेक्टर: लोन देने की रफ्तार फिर से बढ़ी है, जिससे बैंक और वित्तीय संस्थान सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसका असर बढ़ते क्रेडिट-टू-डिपॉजिट रेश्यो में दिख रहा है। मजबूत फंडामेंटल, बेहतर कैपिटल एडेक्वेसी और अच्छे रिटर्न रेश्यो सेक्टर को दीर्घकालिक निवेश के लिए आकर्षक बनाते हैं। कर्ज और डिपॉजिट की ग्रोथ में अंतर घटने से बैंकों के मार्जिन और मुनाफे पर दबाव भी कम हो सकता है।

कंजम्पशन सेक्टर: देश में खपत तेजी से बढ़ने की दिशा में है। इसके पीछे कई कारण हैं- जैसे लोगों की आय का बढ़ना, GST में सुधार और त्योहारों के दौरान बढ़ी हुई मांग। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रति व्यक्ति आय 2000 डॉलर से ऊपर पहुंच गई है, जो एक महत्वपूर्ण स्तर माना जाता है और इससे आमतौर पर लोगों का वैकल्पिक खर्च बढ़ता है। जिससे ऑटोमोबाइल जैसे सेक्टर में मांग बढ़ती है। इसलिए, बढ़ती जरूरतें, GST में राहत, महंगाई घटने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रिकवरी जैसे फैक्टर्स के चलते वाहनों की मांग बढ़ेगी।

ई-कॉमर्स सेक्टर: भारत का ई-कॉमर्स बाजार अभी भी कम विकसित है, इसलिए यहां बहुत तेज ग्रोथ की संभावना है। जैसे-जैसे लोग ऑनलाइन खरीदारी अधिक अपनाते जा रहे हैं, ई-कॉमर्स की पहुंच बढ़कर FY30 तक लगभग 12–13% तक पहुंच सकती है। इलेक्ट्रॉनिक्स और ब्यूटी/पर्सनल केयर जैसी कैटेगरी सबसे तेज बढ़ने की उम्मीद है।

हेल्थकेयर सेक्टर में अवसर: जनसंख्या में बुजुर्गों की संख्या बढ़ने के कारण, और लंबे समय तक चलने वाली बीमारियों में लगातार बढ़ोतरी की वजह से भारत में स्वास्थ्य पर खर्च बढ़ रहा है। यह बदलाव स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को तेजी से बढ़ाएगा और हेल्थकेयर सेक्टर में बड़े अवसर पैदा करेगा।

मार्केट एक्सपर्ट क्या दे रहे सुझाव?

कोटक महिंद्रा एएमसी के मैनेजिंग डायरेक्टर निलेश शाह के अनुसार, भारतीय कंपनियां वित्त वर्ष 2027 में डबल डिजिट की मजबूत अर्निंग दिखाएंगी। इसी मजबूती के कारण विदेशी निवेशक भारत में निवेश बढ़ा सकते हैं, जिससे बाजार में लिक्विडिटी (तरलता) बनी रहेगी। उनका कहना है कि मिड कैप शेयरों के लार्ज कैप और स्मॉल कैप शेयरों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करने की संभावना है। हालांकि यह बढ़त बहुत ज्यादा नहीं हो सकती। सोने और चांदी में भी बढ़त की संभावना है, क्योंकि दुनिया भर के केंद्रीय बैंक इनकी खरीद जारी रखे हुए हैं। निवेशकों को सलाह है कि वे अपने रिटर्न की उम्मीदें थोड़ी संयमित रखें और बाजार में बदलावों से निपटने के लिए एक संतुलित और डाइवर्सिफाइड निवेश रणनीति अपनाएं।

फिक्स्ड इनकम आउटलुक

बदलती बाजार परिस्थितियों के बीच, फिक्स्ड इनकम इन्वेस्टमेंट पोर्टफोलियो में स्थिरता लाने और जोखिम कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मजबूत मैक्रो आर्थिक स्थिति और मांग व आपूर्ति का अच्छा संतुलन बॉन्ड मार्केट के लिए सकारात्मक माहौल बना रहे हैं।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article