Save 50k in a Year: बहुत से लोगों को लगता है कि बड़ी बचत के लिए सैलरी भी ज्यादा होनी जरूरी है। लेकिन ऐसा नहीं है सही बजट और वित्तीय अनुशासन के साथ एक साल में 50 हजार रुपये बचाने का लक्ष्य तय किया जा सकता है। इसके लिए आपको 50 हजार रुपये की इस पूरी बचत के गणित को समझना होगा-
सबसे पहले तो यही समझें कि 50,000 रुपये की बड़ी सालाना बचत के लिए आपको हर महीने 4,167 रुपये बचाने होंगे। आप हर महीने 4,200 रुपये बचाने का लक्ष्य भी रख सकते हैं।
हर महीने कैसे बचाएं 4200 रुपये
अगर 4,200 रुपये एक साथ अलग रखना मुश्किल लगता है तो इसे छोटे हिस्सों में बांटा जा सकता है। उदाहरण के लिए हर सप्ताह करीब 1,050 रुपये बचाने का लक्ष्य रखें। अब सवाल है कि ये 4,200 रुपये बचेंगे कहां से? आप कुछ खर्चों में कटौती कर सकते हैं-
बाहर खाने के खर्च में कटौती
मान लीजिए आप महीने में चार बार बाहर खाना खाते हैं और हर बार करीब 500 रुपये खर्च होते हैं। यानी इस मद में करीब 2,000 रुपये चले जाते हैं। अगर महीने में सिर्फ दो बार बाहर खाने का फैसला किया जाए तो करीब 1,000 रुपये प्रति महीने बचाए जा सकते हैं। सालभर में यह बचत करीब 12,000 रुपये होगी।
ऑनलाइन शॉपिंग से बचाएं पैसा
कपड़े, छोटे गैजेट, एक्सेसरीज या दूसरी चीजों की ऑनलाइन शॉपिंग भी बजट बिगाड़ सकती है। अगर हर महीने बिना जरूरत की खरीदारी पर 1,000-1,500 रुपये खर्च हो जाते हैं तो इसमें कटौती की जा सकती है। मान लीजिए आप इस खर्च को हर महीने 800 रुपये कम कर देते हैं तो सालभर में इससे करीब 9,600 रुपये बच सकते हैं।
OTT और दूसरे सब्सक्रिप्शन देखें
बहुत से लोगों के पास एक से ज्यादा ओटीटी, म्यूजिक या दूसरे डिजिटल सब्सक्रिप्शन होते हैं। इनमें से कुछ का इस्तेमाल महीने में शायद एक-दो बार ही होता है। अगर ऐसे सब्सक्रिप्शन को देखकर सिर्फ एक-दो गैरजरूरी सेवाएं बंद कर दी जाएं और 300 रुपये महीने बचते हैं तो साल में 3,600 रुपये की बचत हो सकती है।
चाय-कॉफी और छोटे खर्चों पर ध्यान दें
छोटे खर्च अक्सर बजट में दिखाई नहीं देते, लेकिन पूरे साल में इनकी रकम बड़ी हो सकती है। मान लीजिए ऑफिस के आसपास चाय, कॉफी या स्नैक्स पर रोज औसतन 50 रुपये खर्च होते हैं। महीने में 20 वर्किंग डेज के हिसाब से यह करीब 1,000 रुपये हो सकता है। अगर इसमें से सिर्फ 300 रुपये महीने की कटौती की जाए तो साल में 3,600 रुपये बचेंगे।
कैब की जगह कभी-कभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट
अगर आपकी यात्रा में सुविधा हो तो हर दिन कैब या ऑटो लेने की जगह कुछ दिनों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है। मान लीजिए इससे औसतन 500 रुपये महीने की बचत होती है। सालभर में यह रकम 6,000 रुपये होगी।
क्योंकि आपका लक्ष्य हर महीने 4,200 रुपये बचाने का होगा इसलिए बाकी 1,300 रुपये की बचत के लिए बिजली-पानी और ग्रॉसरी जैसे खर्चों में थोड़ी कटौती की जा सकती है।
