बिजनेस

30k, 40k या 50k है Salary? जानिए हर महीने कितनी करनी चाहिए आपको बचत

हर व्यक्ति के खर्च, जिम्मेदारियां और आर्थिक लक्ष्य अलग होते हैं। ऐसे में हर महीने कितनी बचत की जाए इसके लिए एक तय रकम नहीं हो सकती है।

Image

हर महीने सैलरी में से कितनी करें बचत (Photo: iStock)

हर महीने सैलरी आते ही घर का किराया, राशन, बिजली-पानी, मोबाइल बिल, ट्रैवल और दूसरे खर्चों में काफी पैसा चला जाता है। इसके बाद जो रकम बचती है, उसे सेविंग के लिए रखा जाता है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर 30 हजार, 40 हजार या 50 हजार रुपये की सैलरी (Salary) पाने वाले व्यक्ति को हर महीने कितने रुपये बचाने चाहिए? इसका कोई एक तय जवाब तो नहीं है लेकिन 20 प्रतिशत सेविंग रूल को समझकर बचत की जा सकती है-

सैलरी का कम से कम 20 प्रतिशत बचाने की कोशिश करें

पर्सनल फाइनेंस में आमतौर पर 20 प्रतिशत सेविंग रूल (Saving Rule) को एक आसान शुरुआती नियम माना जाता है। यानी आपकी इन-हैंड सैलरी का कम से कम 20 प्रतिशत हिस्सा हर महीने बचत और निवेश के लिए अलग किया जा सकता है।

अगर आपकी सैलरी 30,000 रुपये है तो 20 प्रतिशत के हिसाब से आपको करीब 6,000 रुपये हर महीने बचाने चाहिए।

अगर आपकी सैलरी 40,000 रुपये है तो 20 प्रतिशत यानी करीब 8,000 रुपये महीने बचाना अच्छा लक्ष्य हो सकता है।

वहीं, 50,000 रुपये की सैलरी पर 20 प्रतिशत के हिसाब से करीब 10,000 रुपये हर महीने बचाने की कोशिश की जा सकती है।

हालांकि, अगर आपके खर्च कम हैं और आपकी आर्थिक स्थिति अनुमति देती है तो 20 प्रतिशत से ज्यादा बचत करना और भी बेहतर हो सकता है।

केवल पैसा बचाना ही काफी नहीं

हर महीने कुछ रकम अलग रखना अच्छी आदत है, लेकिन केवल बैंक खाते में पैसे जमा करते रहना ही काफी नहीं होगा। बचत को अलग-अलग उद्देश्यों के लिए बांटना भी जरूरी है।

सबसे पहले आपको इमरजेंसी फंड तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए। अचानक नौकरी जाने, घर में किसी जरूरी खर्च या किसी दूसरी आपात स्थिति में यही पैसा काम आ सकता है। धीरे-धीरे इतना फंड बनाने की कोशिश करें कि कुछ महीनों के जरूरी खर्च इससे पूरे किए जा सकें।

इसके बाद अपने लंबे समय के लक्ष्यों के लिए निवेश शुरू किया जा सकता है। उदाहरण के लिए कोई व्यक्ति म्यूचुअल फंड में SIP, PPF या दूसरे निवेश विकल्पों पर विचार कर सकता है। निवेश चुनते समय अपने लक्ष्य, जोखिम लेने की क्षमता और निवेश की अवधि को ध्यान में रखना जरूरी है।

सेविंग के लिए बजट बनाना जरूरी

हर महीने कितनी रकम बचानी है, यह तय करने के साथ अपने खर्चों का हिसाब रखना भी जरूरी है। महीने की शुरुआत में सैलरी को अलग-अलग हिस्सों में बांटें। जरूरी खर्च, सेविंग, निवेश और मनोरंजन जैसी कैटेगरी बनाई जा सकती हैं।

अगर किसी महीने ज्यादा खर्च हो गया है तो अगले महीने बजट को थोड़ा एडजस्ट किया जा सकता है। इसका उद्देश्य यह होना चाहिए कि बचत की आदत बीच में न टूटे।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article