बिजनेस

Housewife हर महीने केवल 1000 रुपये करें निवेश, जानिए पैसे बढ़ाने का स्मार्ट तरीका

अगर आप एक हाउसहाउस हैं तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है। आप घर का बजट संभालने के साथ अपनी बचत से निवेश शुरू कर सकती हैं। इसके लिए बहुत बड़ी रकम की जरूरत नहीं है।

Image

हाउसवाइफ हर महीने 1000 रुपये यहां करें निवेश (AI Generated Image)

अगर नियमित रूप से छोटी-छोटी बचत की जाए तो समय के साथ अच्छी पूंजी तैयार की जा सकती है। खासकर गृहिणियों (Housewife) के लिए हर महीने 1,000 रुपये का निवेश भी भविष्य में बड़ा सहारा बन सकता है। घर का बजट संभालने वाली कई महिलाएं सोचती हैं कि कम राशि से निवेश शुरू करने का कोई फायदा नहीं होगा। जबकि सच्चाई यह है कि निवेश की सबसे बड़ी ताकत रकम नहीं, बल्कि नियमितता और समय होती है। हाउसहाउस हर महीने निवेश के लिए एसआईपी या आरडी को चुन सकती हैं-

SIP से करें शुरुआत

अगर आप हर महीने 1,000 रुपये निवेश कर सकती हैं, तो सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) एक अच्छा विकल्प हो सकता है। SIP में हर महीने तय राशि निवेश की जाती है। इससे बाजार में एकमुश्त पैसा लगाने की जरूरत नहीं पड़ती और लंबे समय में निवेश बढ़ने का अवसर मिल सकता है। SIP की शुरुआत कई म्यूचुअल फंड योजनाओं में सिर्फ 500 रुपये से भी की जा सकती है।

Recurring Deposit (RD) भी अच्छा विकल्प

अगर आप जोखिम नहीं लेना चाहतीं और निश्चित रिटर्न पसंद करती हैं, तो बैंक या पोस्ट ऑफिस की Recurring Deposit (RD) योजना पर विचार कर सकती हैं। इसमें हर महीने तय राशि जमा करनी होती है और अवधि पूरी होने पर मूलधन के साथ ब्याज मिलता है। यह उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प माना जाता है जो सुरक्षित निवेश चाहते हैं।

निवेश करते समय इन बातों का रखें ध्यान

निवेश से पहले लक्ष्य करें तय

किसी भी निवेश की शुरुआत करने से पहले लक्ष्य तय करना जरूरी है। यह सोचें कि निवेश बच्चों की पढ़ाई, घर खरीदने, रिटायरमेंट या किसी अन्य उद्देश्य के लिए किया जा रहा है। इसके अलावा अपनी जोखिम उठाने की क्षमता को भी समझना जरूरी है। अगर किसी निवेश उत्पाद की जानकारी नहीं है, तो पहले उसके नियम और जोखिम को अच्छी तरह समझ लें।

आय बढ़ने पर निवेश भी बढ़ाएं

अगर शुरुआत में आप केवल 1,000 रुपये प्रति माह निवेश कर पा रही हैं, तो यह काफी है। हालांकि, समय के साथ अगर परिवार की आय बढ़ती है या आपके पास अतिरिक्त बचत होने लगती है, तो निवेश की राशि भी धीरे-धीरे बढ़ाने की कोशिश करें। हर साल 500 या 1,000 रुपये की बढ़ोतरी भी लंबे समय में बड़ा अंतर पैदा कर सकती है और आपका वित्तीय लक्ष्य जल्दी हासिल करने में मदद कर सकती है।

निवेश में जल्दबाजी से बचें

आजकल सोशल मीडिया और इंटरनेट पर जल्दी अमीर बनने के कई दावे किए जाते हैं, लेकिन बिना पूरी जानकारी के किसी भी योजना में पैसा लगाना नुकसानदायक हो सकता है। हमेशा ऐसे निवेश विकल्प चुनें जो आपकी जरूरत, जोखिम उठाने की क्षमता और वित्तीय लक्ष्य के अनुरूप हों। अगर किसी योजना को लेकर कोई भ्रम हो, तो निवेश से पहले किसी योग्य वित्तीय सलाहकार से सलाह लेना भी बेहतर विकल्प हो सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article