आए दिन आपको निवेश करने के लिए कॉल, एमएमस और WhatsApp मैसेज आते होंगे। कई मैसेज में आपको काफी कम समय में पैसे डबल या ट्रिपल करने के भी मैसेज मिलेंगे। कुछ में गारंटीड रिटर्न की भी बात की गई होगी। इस तरह के मैसेज के जाल में फंस कर बहुत सारे लोग स्कैम के शिकार भी हुए हैं। आपके साथ ऐसा नहीं हो, इसके लिए जरूरी है कि आपको सही और गलत के बीच फर्क करना आता हो। आइए हम आपको बताते हैं कि गारंटीड रिटर्न वाले फेक इन्वेस्टमेंट स्कीम से कैसे बचें।
इन्वेस्टमेंट स्कैम
इस तरह जाल में फंसाते हैं स्कैमर
इन्वेस्टमेंट की दुनिया में ज्यादातर स्कैम बड़ी रकम से शुरू नहीं होते। वे आम तौर पर छोटी शुरुआत करते हैं और धीरे-धीरे भरोसा बनाते हैं। आमतौर पर यह प्रक्रिया कुछ इस तरह होती है कि आपको किसी ग्रुप में जोड़ा जाता है। फिर उसमें बंपर रिटर्न के कई स्क्रीनशॉट शेयर किए जाते हैं। आपको भी थोड़ी रकम से निवेश करने को कहा जाता है। शुरुआत में मोटा रिटर्न दिया भी जाता है और कुछ पैसे निकालने की इजाजत भी दी जाती है। इसके बाद आपको और ज्यादा निवेश करने के लिए कहा जाता है। जब आप मोटा पैसा लगा देते हैं तो आपके साथ स्कैम हो जाता है। आपका पैसा लौटाया नहीं जाता और आपकी मेहनत की कमाई डूब जाती है।
इस तरह बचें
अगर आप किसी गलत निवेश स्कीम में फंस गए हैं और आपको शक हो रहा है कि कुछ गड़बड़ है, तो जल्दी कदम उठाने से नुकसान को कम करने की संभावना काफी बढ़ सकती है।
- तुरंत कदम उठाएं
- और पैसे भेजना बंद करें
- स्कैमर के और निर्देशों का पालन न करें
- चैट, लेन-देन और ऐप की जानकारी के स्क्रीनशॉट लें
साइबरक्राइम हेल्पलाइन पर जल्द रिपोर्ट करें
जितनी जल्दी हो सके नेशनल साइबरक्राइम हेल्पलाइन (1930) पर कॉल करें
अपने बैंक या पेमेंट ऐप को सूचित करें और उनसे लेन-देन को ब्लॉक करने का अनुरोध करें। आधिकारिक साइबरक्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। अगर आप "गोल्डन आवर" में जानकारी देते हैं तो उस पैसे को कहीं और भेजे जाने से पहले उसे रोकने (फ्रीज करने) के लिए कार्रवाई की जा सकती है।
