बिजनेस

मई में ₹1.94 लाख करोड़ रहा GST कलेक्शन, सालाना आधार पर 3.2% रही ग्रोथ

अप्रैल के रिकॉर्ड GST कलेक्शन के बाद MAY 2026 में जीएसटी में बड़ी कमी आई है। वहीं, सालाना आधार पर भी ग्रोथ में सुस्ती देखने को मिली है, यह अब घटकर 3.2 फीसदी रह गई है।

Image

मई में जीएसटी कलेक्शन सालाना आधार पर बढ़ा

India GST Collection May 2026 : अप्रैल के रिकॉर्ड ₹2.42 लाख करोड़ से नीचे आया कलेक्शन। हालांकि, इस दौरान आयात से GST कलेक्शन में मजबूत बढ़त देखने को मिली है। लेकिन, घरेलू GST कलेक्शन कमजोर पड़ा है। मई 2026 में देश का ग्रॉस GST कलेक्शन ₹1.94 लाख करोड़ रहा, जो अप्रैल के रिकॉर्ड ₹2.42 लाख करोड़ से करीब 50 हजार करोड़ कम है। वहीं, सालाना आधार पर GST कलेक्शन में 3.2% की बढ़ाेतरी हुई है। पिछले साल मई 2025 में यह आंकड़ा ₹1.88 लाख करोड़ था।

कितना रहा नेट रेवेन्यू?

सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक नेट GST रेवेन्यू मई में 3.3% बढ़कर ₹1.67 लाख करोड़ पहुंच गया। पिछले साल मई में यह ₹1.62 लाख करोड़ था। इसी दौरान कुल GST Refund 2.6% बढ़कर ₹27,281 करोड़ रहा। ऐतिहासिक तुलना करें तो मई 2026 का GST कलेक्शन अब तक का सबसे बड़ा “May GST Collection” है। इससे पहले मई 2025 में ₹1.88 लाख करोड़, मई 2024 में करीब ₹1.73 लाख करोड़ और मई 2023 में ₹1.57 लाख करोड़ का कलेक्शन हुआ था।

मासिक आधार पर बड़ी गिरावट

अप्रैल 2026 में ₹2.42 लाख करोड़ का GST Collection ऑल टाइम रिकॉर्ड है। अगर मई 2020 के कोरोना काल से तुलना करें तो उस समय GST कलेक्शन सिर्फ ₹62,009 करोड़ था। यानी छह साल में मई GST कलेक्शन तीन गुना से ज्यादा हो चुका है।

आयात पर GST बना ग्रोथ का सबसे बड़ा सहारा

मई 2026 के आंकड़ों में सबसे बड़ी बात यह रही कि घरेलू मांग से जुड़े GST कलेक्शन कमजोर रहे, लेकिन आयात आधारित GST collections ने ग्रोथ को सहारा दिया है। सरकारी डेटा के मुताबिक ग्रॉस इंपोर्ट रेवेन्यू 19.1% बढ़कर ₹59,654 करोड़ पहुंच गया। वहीं, नेट कस्टम्स GST रेवेन्यू 19.7% बढ़कर ₹49,403 करोड़ रहा।

घरेलू कलेक्शन में गिरावट

इस दौरान ग्रॉस डोमेस्टिक GST कलेक्शन रेवेन्यू 2.6% घटकर ₹1.35 लाख करोड़ रह गया। वहीं, नेट रेवेन्यू 2.3% गिरकर ₹1.18 लाख करोड़ पर आ गया। इससे संकेत मिलता है कि घरेलू खपत से जुड़ा कलेक्शन कमजोर पड़ा है, जबकि, रुपये के अवमूल्यन की वजह से आयात का बिल बढ़ने का असर कलेक्शन बढ़ने के तौर पर दिखा है।

GST may 26

मासिक आधार पर घटा कलेक्शन

राज्यवार GST आंकड़े

कर्नाटक में प्री-सेटलमेंट SGST कलेक्शन 11% बढ़ा। महाराष्ट्र में 8%, उत्तर प्रदेश में 9%, आंध्र प्रदेश में 11% और केरल में 19% की मजबूत बढ़त दर्ज हुई। गुजरात में भी 3% की ग्रोथ रही। दूसरी तरफ दिल्ली का प्री-सेटलमेंट SGST कलेक्शन 36% गिर गया। तमिलनाडु और राजस्थान में भी गिरावट दर्ज हुई। IGST सेटलमेंट के बाद हरियाणा का SGST रेवेन्यू 22% बढ़ा। कर्नाटक में 17%, गुजरात और आंध्र प्रदेश में 16%-16% और तेलंगाना में 14% की ग्रोथ रही। दूसरी ओर दिल्ली का पोस्ट-सेटलमेंट SGST कलेक्शन 26% नीचे रहा।

क्या संकेत दे रहे हैं आंकड़े?

GST डेटा यह संकेत दे रहा है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में टैक्स कलेक्शन का बेस फिलहाल ऊंचा बना हुआ है। हालांकि, मासिक आधार पर अप्रैल के रिकॉर्ड के बाद मई में कुछ सुस्ती जरूर है। इसके साथ ही आयात आधारित GST ग्रोथ से पता चलता है कि वैश्विक व्यापार और आयात गतिविधियां सरकार को सपोर्ट कर रही हैं। लेकिन, घरेलू खपत में नरमी है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article