बिजनेस

गैस संकट में संजीवनी बना 5 किलो वाला सिलेंडर, रोजाना 1 लाख सिलेंडरों की हो रही बिक्री

देश में ईंधन की आपूर्ति को लेकर सरकार का कहना है कि एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स और पेट्रोल पंपों पर स्टॉक की कोई कमी नहीं है और घरेलू गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

Image

5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों की बिक्री हुई दोगुनी (Photo: PIB)

एलपीजी शॉर्टेज से जुड़ी चिंताओं के बीच सरकार का कहना है कि घरेलू LPG की सप्लाई सामान्य बनी हुई है और अधिक से अधिक ग्राहक सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं। केंद्र सरकार का कहना है कि एलपीजी ग्राहकों को पीएनजी की ओर शिफ्ट करने के प्रयास भी बढ़ाए जा रहे हैं और 5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों की सप्लाई भी दोगुनी कर दी गई है।

घरेलू LPG की सप्लाई सामान्य बनी हुई है

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स और पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसके अलावा, कहीं भी कमी की सूचना नहीं है। घरेलू LPG की सप्लाई सामान्य बनी हुई है, जहां 98% बुकिंग ऑनलाइन हो रही हैं।

कमर्शियल LPG की सप्लाई लगभग 70% तक बहाल

उन्होंने बताया कि कमर्शियल LPG की सप्लाई लगभग 70% तक बहाल हो चुकी है। 14 मार्च से अब तक करीब 1,06,000 टन LPG की बिक्री हो चुकी है और रोजाना 6,000 से 6,500 टन की बिक्री हो रही है।

5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों की सप्लाई दोगुनी

शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सहायता उपायों के तहत बिना पहचान पत्र (ID) के 5 किलोग्राम वाले सिलेंडरों की सप्लाई दोगुनी कर दी गई है। इसके तहत रोजाना लगभग 1 लाख सिलेंडर बेचे जा रहे हैं और 23 मार्च से अब तक करीब 11 लाख सिलेंडर बांटे जा चुके हैं। साथ ही, जागरूकता बढ़ाने के लिए 2,400 से अधिक कैंप आयोजित किए गए हैं।

एलपीजी ग्राहक पीएनजी की ओर हो रहे ट्रांसफर

शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक गैस की सप्लाई में घरेलू उपयोग को प्राथमिकता दी जा रही है। उद्योगों के लिए लगभग 80% गैस आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि उर्वरक (फर्टिलाइज़र) सेक्टर के लिए यह 95% तक पहुंच गई है। इसके अलावा, LPG ग्राहकों को PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) की ओर स्थानांतरित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

4 लाख से ज्यादा नए एलपीजी कनेक्शन किए गए जारी

शर्मा के अनुसार, "पिछले पांच हफ्तों में 4.05 लाख नए LPG कनेक्शन जारी किए गए हैं और 4.41 लाख नए उपभोक्ता पंजीकृत हुए हैं, जो कुकिंग फ्यूल की बढ़ती मांग को संभालने के प्रयासों का हिस्सा है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article