Windfall Tax On Crude Petroleum: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में नरमी के बाद सरकार ने देश में उत्पादित कच्चे तेल और डीजल के निर्यात पर अप्रत्याशित लाभ कर (Windfall Profit Tax) में कटौती की है।
कच्चे तेल पर अप्रत्याशित कर
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क या एसएईडी के रूप में लगाया जाने वाला टैक्स 9,800 रुपये प्रति टन से घटाकर 6,300 रुपये प्रति टन कर दिया गया है।
डीजल के निर्यात पर एसएईडी घटा
डीजल के निर्यात पर एसएईडी को दो रुपये प्रति लीटर से घटाकर एक रुपये प्रति लीटर कर दिया गया। जेट फ्यूल या एटीएफ और पेट्रोल के निर्यात पर शुल्क शून्य ही रहेगा। नए टैक्स रेट गुरुवार से लागू हो गईं।
इससे पहले एक नवंबर को दरों में संशोधन करते हुए सरकार ने कच्चे तेल पर टैक्स 9,050 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 9,800 रुपये प्रति टन कर दिया था।
डीजल के निर्यात पर शुल्क घटाया था
इसके साथ ही डीजल के निर्यात पर शुल्क को आधा कर दो रुपये कर दिया गया था। जेट फ्यूल पर शुल्क एक रुपये प्रति लीटर से शून्य कर दिया गया था। पिछले संशोधन के बाद से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतें नरम हुई हैं, जिससे कटौती आवश्यक हो गई।
कच्चे तेल का औसत मूल्य
भारत द्वारा आयात किए जाने वाले कच्चे तेल का औसत मूल्य इस महीने अभी तक 84.78 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल रहा। अक्टूबर में यह औसत 90.08 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल और सितंबर में 93.54 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल था।
