Gold Return In 2024: हाल के दिनों में शेयर बाजार में काफी कमजोरी देखने को मिली है। वहीं दूसरी तरफ सोना अपने ऐतिहासिक हाई लेवल पर पहुंच गया। यानी सर्राफा बाजार में तेजी आ रही है। शुक्रवार को दिवाली से ठीक पहले सोना 77,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया। एमसीएक्स पर सोने का दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट विदेशी बाजार में तेजी और त्योहारों से पहले बढ़ती मांग के चलते 77,839 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए हाई लेवल पर पहुंच गया। इसके साथ ही 2024 में अब तक रिटर्न के लिहाज से सोने ने सेंसेक्स-निफ्टी को पीछे छोड़ दिया है।
ये भी पढ़ें -
सोने के मुकाबले सेंसेक्स-निफ्टी का रिटर्न
2024 में अब तक बुलियन बनाम इक्विटी के रिटर्न की बात करें बुलियन यानी सोने-चांदी ने इक्विटी मार्केट को पीछे छोड़ दिया है। आंकड़ों के अनुसार 2024 में सोने ने 22 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया है। पिछली दिवाली से अब तक अब तक इसका रिटर्न लगभग 30 प्रतिशत तक पहुँच गया है।
दूसरी ओर, बीएसई सेंसेक्स 2024 में अब तक लगभग 12.50 प्रतिशत चढ़ा है। इसी अवधि में निफ्टी 50 इंडेक्स 14.35 प्रतिशत चढ़ा है। चांदी की कीमतों में भी 2024 में अब तक 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।
कौन से फैक्टर हैं अहम
सोने की कीमतों में बढ़ोतरी के कारणों पर जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से पहले भू-राजनीतिक तनाव और अनिश्चितता ने सोने के लिए नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने का रास्ता साफ कर दिया है।
आगे कहां तक जा सकता है सोना
ईटी नाउ की रिपोर्ट के अनुसार एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट - कमोडिटी एंड करेंसी, जतीन त्रिवेदी के मुताबिक कॉमेक्स गोल्ड के 2,720 डॉलर से ऊपर जाने से सोने की कीमतों में तेजी आई है। यह मजबूती काफी हद तक अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से प्रेरित है, जिसमें निकट भविष्य में और कटौती की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सोने की कीमत में तेजी बनी रह सकती है और इसके 78,500 रुपये तक पहुंचने की संभावना है। वहीं नीचे की तरफ सपोर्ट लेवल 75,000 रुपये के आसपास देखा जा रहा है, जो किसी भी शॉर्ट टर्म गिरावट के लिए एक मजबूत बेस प्रदान करेगा।
