Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 11 July 2025 : सोने की कीमतों में एक बार फिर बदलाव देखने को मिला है। शुक्रवार को बाजार बंद होने तक इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार, 24 कैरेट सोना बढ़कर 97511 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 110290 रुपये प्रति किलो हो गई। चांदी रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गई है। आगे जानिए 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं, साथ ही अपने शहर में आज का लेटेस्ट रेट भी देखें।
जानिए आज क्या है सोने-चांदी का भाव (तस्वीर-istock)
सोने-चांदी का भाव इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट (ibjarates.com) के मुताबिक सोने-चांदी के 22K, 24K और 18K ताजा भाव क्या है, नीचे जानिए।
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
| सोना-चांदी की शुद्धता | सुबह का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव | दोपहर का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव | शाम का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव |
| सोना 24 कैरेट | 97046 रुपये | 97473 रुपये | 97511 रुपये |
| सोना 23 कैरेट | 96657 रुपये | 97083 रुपये | 97121 रुपये |
| सोना 22 कैरेट | 88894 रुपये | 89285 रुपये | 89320 रुपये |
| सोना 18 कैरेट | 72785 रुपये | 73105 रुपये | 73133 रुपये |
| सोना 14 कैरेट | 56772 रुपये | 57022 रुपये | 57044 रुपये |
| चांदी 999 | 107934 रुपये/किलो | 110300 रुपये/किलो | 110290 रुपये/किलो |
सोना चढ़े, चांदी स्थिर
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक निवेशकों और स्टॉकिस्ट की ताजा लिवाली के कारण गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 250 रुपये बढ़कर 98,670 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत बुधवार को 98,420 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200 रुपये बढ़कर 98,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 98,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस बीच, चांदी की कीमतें गुरुवार को 1,04,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रहीं।
क्यों चढ़े सोने के दाम?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि सुरक्षित निवेश वाली संपत्तियों की नई मांग के चलते गुरुवार को सोने में तेजी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार नीतियों और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर उनके संभावित प्रभाव को लेकर जारी अनिश्चितताओं ने सोने की कीमतों को सहारा दिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना मामूली बढ़कर 3,324.40 डॉलर प्रति औंस हो गया। बुधवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका एक अगस्त से ब्राज़ील के उत्पादों पर 50 प्रतिशत का शुल्क लगाएगा।
अबन्स फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) चिंतन मेहता के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) की ताजा बैठक के विवरण से पता चलता है कि अधिकारी आर्थिक परिदृश्य को लेकर सतर्क और विभाजित हैं, और ब्याज दरों में कटौती करने से पहले और अधिक आंकड़ों का इंतजार करना चाहते हैं। साथ ही, कच्चे तेल के उम्मीद से अधिक भंडार ने ऊर्जा की कीमतों को नियंत्रण में रखा है, जिससे महंगाई की चिंता कम हुई है।
सोना वायदा कीमतों में भी तेजी
मजबूत हाजिर मांग के कारण सटोरियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को सोने का भाव 199 रुपये बढ़कर 96,660 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अगस्त डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध की कीमत 199 रुपये या 0.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 96,660 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इसमें 11,934 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने कहा कि प्रतिभागियों द्वारा ताजा सौदे करने से सोने की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में सोना वायदा 0.32 प्रतिशत बढ़कर 3,324.39 डॉलर प्रति औंस हो गया।
चांदी वायदा भाव
प्रतिभागियों द्वारा अपने सौदे बढ़ाने से बृहस्पतिवार को वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 328 रुपये बढ़कर 1,07,593 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सितंबर डिलीवरी के लिए चांदी अनुबंध की कीमत 328 रुपये या 0.31 प्रतिशत बढ़कर 1,07,593 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 16,939 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने कहा कि प्रतिभागियों द्वारा ताजा सौदे करने से चांदी की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी 0.32 प्रतिशत बढ़कर 36.01 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
