Gold return 5 years: कभी न घटने वाली समृद्धि का प्रतीक मानी जाने वाली अक्षय तृतीया भारत में आज मनाई जा रही है। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की रिपोर्ट के अनुसार, सोना-चांदी की कीमतों में अभूतपूर्व बढ़ोतरी के बावजूद आज अक्षय तृतीया के दिन देश भर में लगभग ₹20,000 करोड़ के व्यापार का अनुमान है। वहीं, पिछले वर्ष करीब ₹16,000 करोड़ का कारोबार हुआ था। अकेले दिल्ली में यह व्यापार लगभग 6 हज़ार करोड़ रुपये का होने का अनुमान है। इस वर्ष सोने की कीमतें पिछले वर्ष के लगभग ₹1,00,000 प्रति 10 ग्राम से बढ़कर लगभग ₹1.50 लाख तक पहुंच गई हैं, जबकि चांदी ₹85,000 प्रति किलो से बढ़कर ₹2.55 लाख प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है।
सोने और चांदी में निवेश (AI Image)
कीमतों में इस बढ़ोतरी के बावजूद सोने ओर चांदी के प्रति लगाव कम नहीं हुआ है। इसकी एक और वजह भी है। सोने-चांदी ने अपने ट्रैडिनशल निवेशकों को रिटर्न देने में निराश भी नहीं किया है। पिछले 5 साल में सोने और चांदी के निवेशकों को शेयर बाजार और बिटकॉइन के मुकाबले ज्यादा रिटर्न मिला है।
पिछले 5 साल: सबसे आगे सोना-चांदी
पिछले 5 वर्षों के रुझान ने सोने और चांदी ने निवेशकों को एक अलग संदेश दिया है। हालिया दौर में बिटकॉइन की रफ्तार थमी है और यह केवल 51.53% ही बढ़ सका। इसके उलट, पारंपरिक संपत्तियों ने जबरदस्त वापसी की। चांदी 263.10% और सोना 224.48% की बढ़त के साथ सबसे सफल निवेश साबित हुए। निफ्टी ने भी 65.87% का रिटर्न दिया, जो बिटकॉइन से काफी बेहतर रहा। इस दौरान डॉलर इंडेक्स भी 8.78% चढ़ा।
10 साल: चांदी ने सबको पीछे छोड़ा
पिछले 10 साल की बात करें, तो चांदी ने सोने को भी पीछे छोड़ दिया है। चांदी में 518.40% का उछाल आया, जबकि सोना 408.9% बढ़ा। निफ्टी ने 214.80% का रिटर्न दिया। हालांकि, इस अवधि में बिटकॉइन का दबदबा कायम रहा और उसने 16,403.9% की भारी बढ़त दर्ज की। डॉलर इंडेक्स इस दौरान मात्र 4.62% की मामूली बढ़त के साथ शांत रहा।
15 साल: बिटकॉइन की सुनामी
अगर हम 15 साल पहले के डेटा पर नजर डालें, तो निवेश की दुनिया में एक चमत्कार जैसा बदलाव दिखा। जहां सोने ने 602% का शानदार रिटर्न दिया और चांदी ने 353.6% की बढ़त बनाई, वहीं भारतीय शेयर बाजार के सूचकांक निफ्टी (Nifty) ने 338.6% की वृद्धि दर्ज की। इस दौरान डॉलर इंडेक्स भी 19.38% ऊपर चढ़ा। लेकिन जिस एसेट ने पूरी दुनिया को चौंका दिया, वह था बिटकॉइन। पिछले 15 वर्षों में इसमें 15,11,660% की अविश्वसनीय वृद्धि देखी गई, जिसने शुरुआती निवेशकों को शून्य से शिखर पर पहुंचा दिया।
