बिजनेस

अडानी फिर निकले सबसे आगे! अंबानी को पीछे छोड़ बने एशिया के सबसे अमीर शख्स, नेटवर्थ जानकर उड़ जाएंगे होश

अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने एशिया के सबसे बड़े रईस बन गए हैं। उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पछाड़कर यह मुकाम हासिल किया है।

Image

Ambani Adani

अमीरों की दुनिया में बड़ा उलट फेर देखने को मिल रहा है, अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी (Gautam Adani) एक बार फिर एशिया के सबसे बड़े रईस बन गए हैं। उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अडानी की संपत्ति में आई जबरदस्त तेजी ने उन्हें एशिया के अमीरों की सूची में शीर्ष पर पहुंचा दिया है। ऐसे में आइए बताते अमीरों की दुनिया में उनकी क्या रैंकिंग है और किसकी कितनी नेटवर्थ है?

अडानी और अंबानी की नेटवर्थ का अंतर

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, गौतम अडानी की कुल नेटवर्थ अब बढ़कर 92.6 अरब डॉलर (लगभग ₹7.72 लाख करोड़) हो गई है। खास बात यह है कि इस साल उनकी संपत्ति में 8.10 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इस बढ़त के साथ ही वह दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, मुकेश अंबानी की नेटवर्थ घटकर 90.8 अरब डॉलर रह गई है। इस साल अंबानी की संपत्ति में 16.9 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट देखी गई है, जिसके कारण वह अब एशिया में दूसरे और दुनिया में 20वें पायदान पर खिसक गए हैं।

शेयर बाजार का असर

गौतम अडानी की संपत्ति में यह उछाल अडानी ग्रुप के शेयरों में आई मजबूती के कारण आया है। हाल ही में भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद अडानी ग्रुप की कंपनियों ने शानदार प्रदर्शन किया। केवल गुरुवार के कारोबार में ही अडानी की नेटवर्थ में 3.56 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर लगभग सपाट बंद हुआ, जिससे मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में मामूली इजाफा ही हो सका। यही वजह रही कि अडानी ने अंबानी पर बढ़त बना ली।

दिलचस्प बात यह है कि साल 2026 में दुनिया के टॉप-20 सबसे अमीर लोगों में से 7 की नेटवर्थ में गिरावट दर्ज की गई है। इस लिस्ट में फ्रांस के मशहूर बिजनेसमैन बर्नार्ड आरनॉल्ट को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जिनकी संपत्ति 44 अरब डॉलर कम हो गई। गिरावट झेलने वाले अन्य दिग्गजों में माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स, दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे और मुकेश अंबानी जैसे नाम शामिल हैं। इन बड़े नामों के बीच गौतम अडानी की संपत्ति में बढ़त उनके ग्रुप की मजबूत रिकवरी को दर्शाती है।

दुनिया के टॉप-10 रईस कौन हैं?

अगर वैश्विक सूची की बात करें तो टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क 656 अरब डॉलर की भारी-भरकम नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उनके बाद गूगल के लैरी पेज (286 अरब डॉलर) दूसरे और अमेजन के जेफ बेजोस (269 अरब डॉलर) तीसरे स्थान पर हैं। टॉप-10 की इस लिस्ट में मार्क जकरबर्ग, लैरी एलिसन और माइकल डेल जैसे नाम भी शामिल हैं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article