GAIL Executive Director Arrested: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (GAIL) या गेल के कार्यकारी निदेशक केबी सिंह (KB Singh Arrested) को 50 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। मामले में सीबीआई ने रिश्वत देने वाले शख्स समेत चार अन्य को भी गिरफ्तार किया गया है।
गेल के अधिकारी समेत 5 गिरफ्तार
सीबीआई ने पांच लोगों को खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है, जिनमें केबी सिंह के अलावा वडोदरा स्थित एक बिजनेसमैन और कुछ बिचौलिए शामिल हैं।
ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने की ली रिश्वत
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार आरोप यह है कि केबी सिंह दूसरों के साथ मिलकर साजिश के तहत गेल की एसएपीएल (श्रीकाकुलम अंगुल पाइपलाइन) और वीएपीएल (विजयपुर औरैया पाइपलाइन) प्रोजेक्ट के संबंध में अनुचित लाभ दे रहा था। अधिकारी के अनुसार एक प्राइवेट कंपनी के निदेशक ने दो लोगों के जरिए 50 लाख रुपये की रिश्वत दी थी।
इससे गैस पाइपलाइन प्रोजेक्ट्स में कुछ ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया जा रहा था और इसी के लिए रिश्वत ली गई।
रिश्वत का पैसा हो गया जब्त
एफआईआर दर्ज करने के बाद, संदिग्धों को पकड़ने के लिए एक ट्रैप ऑपरेशन चलाया गया। संदिग्धों को रिश्वत लेते समय गिरफ्तार किया गया और रिश्वत का पैसा जब्त कर लिया गया है। मामले में दिल्ली, नोएडा, विशाखापट्टनम और वडोदरा सहित आरोपियों के परिसरों में तलाशी ली गई, जिससे आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल एविडेंस आदि बरामद हुए।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में केबी सिंह के आवास पर घंटों की छापेमारी के बाद गिरफ्तारी की गई। गेल, जो पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तहत आने वाली एक महारत्न कंपनी है, भारत की सबसे बड़ी नेचुरल गैस ट्रांसमिशन और मार्केटिंग कंपनी है।
