PM Modi in Britain : ब्रिटेन के साथ मुक्त व्यापार समझौता (FTA) होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि यह समझौता दोनों देशों के रिश्ते में ऐतिहासिक अहमियत रखता है। यह ब्रिटेन और भारत के आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त मार्ग प्रशस्त करेगा। पीएम ने कहा कि भारत और ब्रिटेन स्वभाविक सहयोगी हैं। यह समझौता व्यापार और कारोबार में एक नया अध्याय जोड़ रहा है। पीएम ने आतंकवाद के खिलाफ भारत का समर्थन करने के लिए ब्रिटेन को धन्यवाद भी दिया।
आतंकवाद पर दोहरे मापदंडों की कोई जगह नहीं-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'हम पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करने के लिए प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और उनकी सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंडों के लिए कोई जगह नहीं है। इस पर हमारी समान राय है। हम इस बात से भी सहमत हैं कि चरमपंथी विचारधारा वाले तत्वों को लोकतांत्रिक आज़ादी का दुरुपयोग करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। जो लोग लोकतंत्र की स्वतंत्रताओं का दुरुपयोग करके खुद लोकतंत्र को ही कमजोर करते हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। आर्थिक अपराधियों के प्रत्यर्पण के विषय में, हमारी एजेंसियां समन्वय और सहयोग के साथ काम करेंगी।'
भारत का यह सबसे व्यापक समझौता-स्टारमर
भारत-यूके के बीच व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा, 'हम दोनों जानते हैं कि यह यूके का यूरोपीय संघ से अलग होने के बाद का सबसे बड़ा और आर्थिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण व्यापार समझौता है। मैं यह कह सकता हूं कि यह भारत द्वारा किया गया सबसे व्यापक समझौता है। तो इसके लिए मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं। आपकी नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक दृष्टिकोण के लिए मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने इस समझौते को अंतिम रूप तक पहुंचाने में अथक मेहनत की।'
विमान हादसे के पीड़ितों के प्रति संवेदना जाहिर की
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'पिछले महीने अहमदाबाद में हुए हादसे में जिन लोगों की मृत्यु हुई, उनमें कई यूके के नागरिक भी शामिल थे। हम उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। यूके में रहने वाले भारतीय मूल के लोग हमारे संबंधों की एक जीवंत कड़ी हैं। वे केवल भारत से करी ही नहीं लाए, बल्कि रचनात्मकता, प्रतिबद्धता और चरित्र भी साथ लाए। उनका योगदान केवल यूके की अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यूके की संस्कृति, खेल और सार्वजनिक सेवा में भी झलकता है।'
FTA साझा समृद्धि योजना-पीएम
पीएम ने कहा, 'यह समझौता केवल एक आर्थिक समझौता नहीं है, बल्कि साझा समृद्धि की एक योजना है। एक ओर, भारतीय वस्त्र, जूते-चप्पल, रत्न एवं आभूषण, समुद्री उत्पाद और इंजीनियरिंग वस्तुओं को यूके में बेहतर बाज़ार मिलेगा। भारत के कृषि उत्पादों और प्रोसेस्ड फूड इंडस्ट्री के लिए यूके बाजार में नए अवसर सामने आएंगे। यह समझौता विशेष रूप से भारत के युवाओं, किसानों, मछुआरों और एमएसएमई क्षेत्र को लाभ पहुंचाएगा। दूसरी ओर, भारत के लोगों और उद्योग के लिए यूके में बने उत्पाद जैसे मेडिकल डिवाइस अब उचित और सस्ती कीमतों पर उपलब्ध होंगे।'
