Fractal vs Aye IPO: कब है अलॉटमेंट और लिस्टिंग, क्या कह रहा सब्सक्रिप्शन और GMP का डाटा?
- Authored by: यतींद्र लवानिया
- Updated Feb 12, 2026, 12:40 PM IST
इस महीने मेनबोर्ड कैटेगरी में Fractal Analytics और Aye Finance से लिस्टिंग की शुरुआत हो रही है। दोनों ही कंपनियों के कमजोर सब्सक्रिप्शन और GMP डाटा से लिस्टिंग गेन की उम्मीदें काफी कम नजर आ रही हैं। चे करें इनका अलॉटमेंट और लिस्टिंग कब है?
अलॉटमेंट पर नजर
Fractal vs Aye IPO का सब्सक्रिप्शन पूरा हो चुका है। Fractal Analytics और Aye Finance IPO के बीच निवेशकों की पसंद का फर्क साफ दिखाई दे रहा है। अंतिम दिन के आंकड़ों के मुताबिक Fractal Analytics IPO कुल 2.81 गुना सब्सक्राइब हुआ, जिसमें QIB कैटेगरी से 4.41 गुना की जोरदार मांग आई। वहीं रिटेल निवेशकों ने भी इश्यू को 1.10 गुना सब्सक्राइब किया और NII कैटेगरी से भी 1.11 गुना मांग देखने को मिली। इससे साफ है कि संस्थागत और हाई नेटवर्थ निवेशकों ने इस इश्यू में मजबूत दिलचस्पी दिखाई। दूसरी ओर Aye Finance IPO कुल मिलाकर 1.04 गुना सब्सक्राइब हुआ, जहां QIB निवेशकों ने आखिरी दिन तेजी दिखाते हुए 1.62 गुना सब्सक्रिप्शन दिया। हालांकि रिटेल कैटेगरी 0.81 गुना पर ही रही और NII निवेशकों की मांग बेहद कमजोर रही। कुल मिलाकर सब्सक्रिप्शन के लिहाज से Fractal Analytics को Aye Finance के मुकाबले साफ बढ़त मिली।
ग्रे मार्केट में बदलती तस्वीर
ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP के ट्रेंड में अब उलटफेर देखने को मिल रहा है। ताजा अपडेट के मुताबिक Aye Finance IPO का GMP करीब ₹0.35 चल रहा है, जिससे अनुमानित लिस्टिंग प्राइस करीब ₹129.35 बनती है। यानी निवेशकों को लिस्टिंग पर करीब 0.3% का मामूली फायदा मिल सकता है। दिलचस्प बात यह है कि पहले प्रीमियम पर चल रहा Fractal Analytics IPO अब ग्रे मार्केट में फ्लैट ट्रेड कर रहा है और इसका GMP शून्य पर आ गया है। इससे संकेत मिल रहा है कि शेयर करीब ₹900 के इश्यू प्राइस के आसपास ही लिस्ट हो सकता है और फिलहाल बड़े लिस्टिंग गेन की उम्मीद कमजोर पड़ती दिख रही है।
अलॉटमेंट और लिस्टिंग की टाइमलाइन
दोनों IPO की बोली 11 फरवरी को बंद हो चुकी है और अब निवेशकों की नजर अलॉटमेंट पर है। दोनों कंपनियों के शेयरों का अलॉटमेंट 12 फरवरी को फाइनल होने की उम्मीद है। इसके बाद निवेशकों के डिमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट और रिफंड की प्रक्रिया पूरी होगी। दोनों ही कंपनियों के शेयर BSE और NSE पर 16 फरवरी को लिस्ट होने की संभावना है। ऐसे में निवेशक अब यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि अंतिम समय के सब्सक्रिप्शन आंकड़े और बदलते GMP ट्रेंड लिस्टिंग डे पर किस तरह का प्रदर्शन दिखाते हैं।
निवेशकों के लिए क्या संकेत
सब्सक्रिप्शन के लिहाज से Fractal Analytics को मजबूत संस्थागत सपोर्ट मिला है, लेकिन ग्रे मार्केट में कमजोर संकेत लिस्टिंग गेन को लेकर अनिश्चितता पैदा कर रहे हैं। वहीं Aye Finance को कुल मिलाकर सीमित मांग मिली है, लेकिन GMP में हल्की मजबूती दिख रही है। अब लिस्टिंग डे पर बाजार का मूड ही तय करेगा कि किस IPO में निवेशकों को बेहतर रिटर्न मिल पाता है।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
