बिजनेस

देश का विदेशी मुद्रा भंडार गिरावट के बाद 584.248 अरब डॉलर हुआ, गोल्ड रिजर्व भी घटकर 46.151 अरब डॉलर पर पहुंचा

Foreign Exchange Reserves and Gold Reserves of India: भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को बताया कि 21 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.164 अरब डॉलर घटकर 584.248 अरब डॉलर पर आ गया।

Image

आईएमएफ में रखा देश का मुद्रा भंडार 1.4 करोड़ डॉलर घटकर 5.176 अरब डॉलर रह गया है

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 2.164 अरब डॉलर की गिरावट
  • गोल्ड रिजर्व में भी दर्ज की गई गिरावट
  • भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को दी जानकारी

Foreign Exchange Reserves and Gold Reserves of India: देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) 21 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में 2.164 अरब डॉलर घटकर 584.248 अरब डॉलर रह गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 1.657 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 586.412 अरब डॉलर हो गया था।

अक्टूबर 2021 में 645 अरब डॉलर था भारत का विदेशी मुद्रा भंडार

बताते चलें कि अक्टूबर 2021 में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। हालांकि, हाल ही में घटी बड़ी ग्लोबल घटनाओं से उत्पन्न हुए दवाबों के बीच रुपये की स्थिरता को बनाए रखने के लिए भारत के केंद्रीय बैंक ने विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल किया, जिसकी वजह से इसमें कमी दर्ज की गई है।

विदेशी मुद्रा आस्तियां भी गिरावट के साथ 514.489 अरब डॉलर पर पहुंची

भारतीय रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 21 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा, विदेशी मुद्रा आस्तियां (Foreign Currency Assets) 2.146 अरब डॉलर घटकर 514.489 अरब डॉलर रह गया। बताते चलें कि डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसे गैर-अमेरिकी मुद्राओं में आए घटत-बढ़त के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

स्वर्ण भंडार में भी आई 2.4 करोड़ डॉलर की गिरावट

रिजर्व बैंक ने बताया कि स्वर्ण भंडार (Gold Reserves) की वैल्यू 21 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में 2.4 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 46.151 अरब डॉलर पर आ गया। आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) भी 1.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.431 अरब डॉलर हो गया। समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में रखा देश का मुद्रा भंडार 1.4 करोड़ डॉलर घटकर 5.176 अरब डॉलर रह गया।

भाषा इनपुट्स के साथ

Sunil Chaurasia
सुनील चौरसियाauthor

<p>मैं सुनील चौरसिया,. मऊ (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला हूं और अभी दिल्ली में रहता हूं। मैं टाइम्स नाउ नवभारत में बिजनेस, यूटिलिटी और पर्सनल फाइनेंस पर काम कर रहा हूं। टाइम्स नाउ से पहले मैं ज़ी बिजनेस, टीवी9 भारतवर्ष, न्यूज नेशन, राजस्थान पत्रिका में काम कर चुका हूं। मेरी हमेशा कोशिश रहती है कि मैं अपने रीडर्स तक उनके काम से जुड़ी जरूरी जानकारियां पहुंचा सकूं।</p>

और पढ़ें
End of Article