बिजनेस

Fitch Ratings: गठबंधन सरकार की मांगों के बावजदू बजट घाटा कम करने के लिए प्रतिबद्ध है भारत

Fitch Ratings: फिच रेटिंग्स ने कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अपने बजट घाटे के लक्ष्यों को हासिल किया है या उनसे बेहतर प्रदर्शन किया है। सरकार मध्यम अवधि में बजट घाटे को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Image

फिच रेटिंग्स ने भारत को लेकर कही ये बात

Fitch Ratings: रेटिंग एजेंसी फिच ने मंगलवार को कहा कि भारत उच्च सार्वजनिक पूंजीगत व्यय और गठबंधन सरकार की मांगों पर ध्यान केंद्रित करने के बावजूद मध्यम अवधि में बजट घाटे को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। फिच रेटिंग्स ने एक रिपोर्ट में कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अपने बजट घाटे के लक्ष्यों को हासिल किया है या उनसे बेहतर प्रदर्शन किया है। इस वजह से भारत की राजकोषीय विश्वसनीयता बेहतर हुई है।

फिच ने कहा कि भारत वित्त वर्ष 2024-25 में अपने राजकोषीय घाटे को नीचे लाने के लिए रिजर्व बैंक से मिले लाभांश का उपयोग कर रहा है। यह दर्शाता है कि देश अतिरिक्त खर्च के बजाय राजकोषीय मजबूती को प्राथमिकता देता है।

रेटिंग एजेंसी ने कहा कि हमारा मानना है कि भारत सरकार मध्यम अवधि में बजट घाटे को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसा गठबंधन में शामिल पक्षों की तरफ से रखी जाने वाली मांगों और उच्च सार्वजनिक पूंजीगत व्यय के जरिये आर्थिक वृद्धि तेज करने की सरकारी कोशिशों के बावजूद है।

जुलाई में पेश किए गए 2024-25 के पूर्ण बजट में सरकार ने राजकोषीय घाटे के लक्ष्य को घटाकर 4.9 प्रतिशत कर दिया, जबकि फरवरी के अंतरिम बजट में इसके 5.1 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया था। रिजर्व बैंक के निदेशक मंडल ने मई में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए सरकार को 2.11 लाख करोड़ रुपये का लाभांश स्वीकृत किया था।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article