शादी के बाद केवल दो लोगों एक साथ रहना शुरू नहीं करते बल्कि उनकी वित्तीय जिम्मेदारियां भी एक-दूसरे से जुड़ जाती हैं। घर का खर्च, बचत, निवेश, बच्चों की शिक्षा और भविष्य की योजनाओं के लिए सही वित्तीय प्रबंधन बेहद जरूरी होता है। ऐसे में जॉइंट बैंक अकाउंट (Joint Bank Account) एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। यह न केवल पैसों के प्रबंधन को आसान बनाता है, बल्कि दोनों पार्टनर्स के बीच पारदर्शिता और बेहतर वित्तीय योजना बनाने में भी मदद करता है।
हर कपल को क्यों ओपन करवाना चाहिए जॉइंट बैंक अकाउंट (AI Generated Image)
क्या होता है Joint Bank Account?
Joint Bank Account ऐसा बैंक खाता होता है, जिसे दो या उससे अधिक लोग मिलकर चला सकते हैं। पति-पत्नी के लिए यह एक बेहतर विकल्प है, क्योंकि दोनों एक ही खाते में पैसे जमा कर सकते हैं, निकाल सकते हैं और घरेलू खर्चों का प्रबंधन कर सकते हैं। बैंक की शर्तों के अनुसार खाते का संचालन 'Either or Survivor', 'Jointly' या दूसरे ऑपरेटिंग मोड में किया जा सकता है।
घरेलू बजट बनाना होता है आसान
अक्सर पति-पत्नी के अलग-अलग बैंक खाते होने की वजह से यह समझना मुश्किल हो जाता है कि घर के खर्चों पर कुल कितना पैसा खर्च हो रहा है। लेकिन Joint Bank Account में दोनों की आय का एक हिस्सा जमा किया जा सकता है और बिजली बिल, किराया, किराना, स्कूल फीस, ईएमआई और अन्य नियमित खर्च उसी खाते से किए जा सकते हैं। इससे खर्चों का रिकॉर्ड एक ही जगह उपलब्ध रहता है और मासिक बजट बनाना आसान हो जाता है।
बचत और वित्तीय लक्ष्य पूरे करने में मदद
अगर दोनों पार्टनर किसी बड़े लक्ष्य, जैसे घर खरीदना, कार खरीदना या बच्चों की पढ़ाई के लिए बचत करना चाहते हैं तो Joint Account इसमें काफी मददगार हो सकता है। दोनों नियमित रूप से एक निश्चित राशि खाते में जमा कर सकते हैं और मिलकर अपने वित्तीय लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
इससे बचत की आदत भी मजबूत होती है और भविष्य की योजनाओं के लिए पर्याप्त फंड तैयार करना आसान हो जाता है।
वित्तीय पारदर्शिता बढ़ती है
Joint Account का एक बड़ा फायदा यह भी है कि दोनों पार्टनर्स को खर्च और बचत की जानकारी रहती है। इससे पैसों को लेकर गलतफहमी की संभावना कम होती है और आर्थिक फैसले मिलकर लिए जा सकते हैं। हालांकि, इसके लिए दोनों के बीच आपसी भरोसा और स्पष्ट बातचीत होना जरूरी है।
इमरजेंसी में मिलती है सुविधा
अगर किसी एक खाताधारक के साथ कोई आपात स्थिति आ जाए, तो दूसरा खाताधारक खाते का संचालन जारी रख सकता है। इससे अस्पताल का खर्च, घरेलू जरूरतें या अन्य वित्तीय कार्य बिना किसी बड़ी परेशानी के पूरे किए जा सकते हैं।
