ET Now Global Business Summit 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट के मंच पर अपनी सरकार के कार्यों को सिलसिलेवार तरीके से रखा। उन्होंने दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय समिट के पहले दिन बताया कि कैसे उनकी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में देश का पैसा बचाया और लोगों को लाभ पहुंचाया। प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी के एक बयान का जिक्र करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धि को बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि हमारी सरकार आने से पहले कागजों पर 10 करोड़ ऐसे नाम चले आ रहे थे, जो फर्जी लाभार्थी थे. ये लोग कभी पैदा ही नहीं हुए। इन फर्जी लाभार्थियों में ऐसी विधवाएं थीं, जो कभी पैदा ही नहीं हुईं.' उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने ऐसे 10 करोड़ फर्जी खातों को हटाकर देश का पैसा बचाया।
राजीव गांधी के बयान की दिलाई याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि उनकी सरकार ने लोगों को गरीबी से निकालने की लिए हर संभव प्रयास किए और इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने एक समय देश में भ्रष्टाचार को लेकर कहा था कि दिल्ली मे वह 1 रुपया भेजते हैं तो गांवों में लाभार्थी तक 10 पैसे ही पहुंच पाते हैं। इस बयान का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए लाभार्थियों तक पैसा पहुंचाया।1 रुपया भेजने पर 100 पैसे गांव तक पहुंचते हैं
पीएम मोदी ने बताया कि आज वह दिल्ली से 1 रुपये गांव के गरीब किसान के लिए भेजते हैं तो उनके पास पूरे 100 पैसे ही पहुंचते हैं। उसमें 1 रुपया भी कम नहीं होता। उन्होंने इसके लिए अपनी सरकार की योजनाओं और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर को क्रेडिट दिया।
