ET Now Global Business Summit 2024: ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने देश के रोड नेटवर्क पर बात करते हुए एक ऐसी घटना के बारे में बताया है, जिससे जानकर हर भारतीय को गर्व हो जाएगा। गडकरी ने बताया कि कैसे एक अमेरिकी नागरिक ने उनसे मिलने के बाद हिंदुस्तान के रोड नेटवर्क की तारीफ करते हुए गडकरी को उनकी गलती भी बता दी थी।
अमेरिका के बराबर खड़ा होगा हिंदुस्तान-गडकरी
ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट में टाइम्स नाउ नवभारत और टाइम्स नाउ की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार से बात करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि 2024 के अंत तक भारत का हाईवे नेटवर्क अमेरिका के बराबर हो जाएगा। देश में सड़क नेटवर्क के विकास पर तेजी से काम चल रहा है।
जब गडकरी से मिला एक अमेरिकी
इसी दौरान नितिन गडकरी ने अमेरिकी नागरिक वाली कहानी सुनाई। गड़करी ने कहा- "मैं आपको एक घटना के बारे में बताता हूं, एक अमेरिकी नागरिक मेरे पास आया और कहा कि आप गलत हो, मैंने हाल ही में भारत की सड़कों के माध्यम से यात्रा की है। यह अमेरिका से बेहतर है।"
देश में बिछ रहा एक्सप्रेस वे का जाल
नितिन गडकरी ने आगे बताया कि कैसे देश में तेजी से सड़क नेटवर्क पर काम चल रहा है। दिल्ली से देहरादून 2 घंटे में, दिल्ली से जयपुर 2 घंटे में, दिल्ली से मुंबई 12 घंटे में, चेन्नई से बेंगलुरु 2 घंटे में, देश में कुल 36 एक्सप्रेस हाईवे बन रहे हैं।
