बिजनेस

बड़े काम का EPFO का ये नियम, करोड़ों PF खाताधारक अनजान, परिवार को मिलते हैं लाखों रुपये

करोड़ों लोग PF कटवाते हैं। लेकिन, EPFO के एक ऐसे नियम के बारे में नहीं जानते हैं, जिससे उनके परिवार को लाखों रुपये मिल सकते हैं। असल में EPFO अपने मेंबर्स को फ्री टर्म इंश्योरेंस देता है।

Image

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन

EPFO EDLI Scheme : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (Employees' Provident Fund Organisation) प्राइवेट नौकरी करने वालों के लिए रिटायरमेंट के साथ ही कई ऐसे फायदे देता है, जिन्हें अक्सर लोग नहीं जातने हैं। PF जमा कराने वाले करोड़ों कर्मचारियों को शायद इसकी जानकवरी भी नहीं होगी कि उनका PF अकाउंट महज रिटायरमेंट सेविंग्स तक सीमित नहीं है। बल्कि EPFO की तरफ से अपने मेंबर्स को एक टर्म इंश्योरेंस कवर भी मिलता है। इसके तहत कर्मचारी की नौकरी के दौरान मौत होने पर परिवार को लाखों रुपये मिलते हैं। प्राइवेट कर्मचारियों के परिवारों को इसका फायदा Employees Deposit Linked Insurance Scheme यानी EDLI के तहत मिलता है।

नहीं देना होता कोई प्रीमियम

EPFO के नियमों के तहत इस योजना का फायदा उठाने के लिए कर्मचारी को अलग से कोई प्रीमियम जमा नहीं करना पड़ता है। PF अकाउंट एक्टिव होने पर कर्मचारी ऑटोमैटिक इस स्कीम का हिस्सा बन जाता है। जब तक कर्मचारी का PF खाता एक्टिव रहता है, वह इस योजना का हिस्सा रहता है और नौकरी के दौरान मृत्यु होने पर उसके परिवार को एक तय रकम मिलती है।

क्या है EDLI स्कीम?

EDLI यानी एम्प्लोयी डिपोजिट लिंक्ड इंश्योरेंस स्कीम, EPFO की एक टर्म इंश्योरेंस योजना है। यह EPF और EPS के साथ जुड़ी रहती है। अगर नौकरी के दौरान कर्मचारी की मौत होती है, तो उसके नॉमिनी या परिवार को एकमुश्त रकम मिलती है। इस स्कीम का मकसद परिवार को अचानक आर्थिक संकट से बचाना है। खासकर उन परिवारों के लिए, जिनकी आय पूरी तरह नौकरी करने वाले सदस्य पर निर्भर होती है।

कितने पैसे मिलते हैं?

EDLI के तहत अधिकतम किसी भी प्राइवेट कर्मचारी को इस योजना के तहत ₹7 लाख तक कवर मिलता है। यानी नौकरी के दौरान मौत होने की स्थिति में प्राइवेट सेक्टर के उस कर्मचारी के परिवार को अधिकतम 7 लाख रुपये मिल सकते हैं। हालांकि, यह रकम कर्मचारी की आखिरी सैलरी के आधार पर तय होती है। इसमें बेसिक सैलरी और DA दोनों को शामिल किया जाता है।

कैसे तय होती है रकम?

30×Average Monthly Salary (Last 12 Months)+2.5Lakh Bonus : अगर कर्मचारी की अधिकतम मान्य बेसिक सैलरी ₹15,000 मानी जाए, तो कुल रकम ₹7 लाख तक पहुंच जाता है। इसमें ₹4.5 लाख वेतन के आधार पर और ₹2.5 लाख बोनस के तौर पर जोड़े जाते हैं।

कौन उठा सकता है फायदा?

इस स्कीम का फायदा उन कर्मचारियों को मिलता है, जिनका PF अकाउंट एक्टिव है। अगर कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹15,000 से ज्यादा भी हो, तब भी EDLI के तहत अधिकतम ₹7 लाख तक का ही लाभ मिलता है। परिवार की परिभाषा में पति या पत्नी, अविवाहित बेटियां और 25 साल तक के बेटे शामिल होते हैं। अगर नॉमिनी दर्ज नहीं है, तो पैसा कानूनी वारिस को दिया जाता है।

कर्मचारी को नहीं देना पड़ता पैसा

EDLI की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कर्मचारी की सैलरी से इसके लिए कोई कटौती नहीं होती। पूरा योगदान कंपनी करती है। नियोक्ता बेसिक सैलरी का 0.5% योगदान देता है, जिसकी अधिकतम सीमा ₹75 प्रति माह होती है। यानी कर्मचारी बिना अलग इंश्योरेंस प्रीमियम दिए एक तरह का लाइफ कवर हासिल कर लेता है।

नौकरी बदलने पर भी जारी रहता है फायदा

अगर कर्मचारी नौकरी बदलता है, तब भी उसको यह फायदा मिलता रहता है। इसके अलावा सरकार ने कॉन्ट्रैक्ट और कैजुअल कर्मचारियों के लिए भी नियम आसान किए हैं। पिछले 12 महीनों में नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों के परिवार भी कई मामलों में इस योजना का लाभ पाने के पात्र हो सकते हैं।

कैसे करें क्लेम?

क्लेम के लिए नॉमिनी या परिवार को EDLI Form 5 IF भरना होता है। इस फॉर्म पर एम्प्लोयर का वैरिफिकेशन जरूरी होता है। अगर एम्पलोयर की तरफ से वैरिफिकेशन नहीं हो पाता है, तो बैंक मैनेजर, सांसद, विधायक, गजेटेड अफसर, मजिस्ट्रेट या पोस्टमास्टर से अटेस्टेशन कराया जा सकता है।

  1. - इसके बाद दस्तावेजों के साथ क्षेत्रीय EPF कमिश्नर ऑफिस में फॉर्म जमा करना होता है।
  2. - परिवार चाहे तो Form 20 और Form 10C/10D के जरिए EPF, EPS और EDLI तीनों का लाभ एक साथ क्लेम कर सकता है।
  3. - EPFO के नियमों के मुताबिक क्लेम मिलने के 30 दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाता है।
  4. - अगर देरी होती है, तो दावेदार को 12% सालाना ब्याज भी मिलता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article