बिजनेस

EPFO खाताधारकों को दिवाली से पहले मिल सकती है बड़ी खुशखबरी! मिनिमम पेंशन ₹1,000 से बढ़कर इतनी होने की संभावना

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) 10-11 अक्टूबर को बेंगलुरु में होने वाली केंद्रीय ट्रस्टी बोर्ड की बैठक में कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस-95) के तहत न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये करने के प्रस्ताव पर चर्चा कर सकता है।

Image

ईपीएफओ

EPFO Board meeting: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के खाताधारकों को दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। दरअसल, 10 और 11 अक्टूबर को बेंगलुरु में ईपीएफओ की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था, केंद्रीय ट्रस्टी बोर्ड (सीबीटी) की बैठक होने वाली है। रिपोर्टों के अनुसार, इस बैठक में न्यूनतम पेंशन को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रति माह करने के प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना है। आपको बता दें कि ईपीएफओ के तहत कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस-95) के तहत न्यूनतम पेंशन वर्तमान में 1,000 रुपये प्रति माह है। यह 2014 में तय की गई थी और तब से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। यानी पिछले 11 साल से न्यूनतम पेंशन की राशि में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

मिनिमम पेंशन बढ़ाने की मांग

विभिन्न कर्मचारी संगठन लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि मौजूदा महंगाई को देखते हुए मिनिमम पेंशन की राशि 1,000 रुपये बहुत कम है। ट्रेड यूनियन और पेंशनभोगियों के विभिन्न संघ लंबे समय से कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस) के तहत पेंशन राशि को बढ़ाकर 7,500 रुपये करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, रिपोर्टों से पता चलता है कि सीबीटी पेंशन में 7.5 गुना वृद्धि नहीं कर सकता है और इसे बढ़ाकर 2,500 रुपये करने पर विचार कर सकता है।

पेंशन के लिए पात्रता

ईपीएस के तहत पेंशन प्राप्त करने के लिए न्यूनतम 10 वर्षों की निरंतर सेवा आवश्यक है। सदस्य 58 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर नियमित पेंशन के हकदार होते हैं। अगर कोई सदस्य इस तिथि से पहले नौकरी छोड़ देता है, तो उसे निकासी लाभ या कम पेंशन मिलती है। बेंगलुरु में होने वाली बैठक में एक अन्य प्रमुख एजेंडा ईपीएफओ 3.0 है। ईपीएफओ 3.0 के तहत, संगठन को पूरी तरह से डिजिटल और कागज रहित बनाने की योजना है। इसमें एटीएम से सीधे पीएफ निकासी, यूपीआई के माध्यम से तत्काल पीएफ निकासी, रीयल-टाइम दावा निपटान और सुधार सुविधा, ऑनलाइन मृत्यु दावों का आसान निपटान और स्वचालित डेटा एकीकरण जैसी सुविधाएँ शामिल हो सकती हैं।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article