बिजनेस

क्या ATM से 75% PF मनी निकालने पर डूब जाएगी पेंशन? दूर करें अपना कंफ्यूजन

EPFO 3.0 के तहत नौकरीपेशा लोग भविष्य में एटीएम और यूपीआई से अपना पीएफ का पैसा निकाल सकेंगे। हालांकि, क्या इसका असर पेंशन पर पड़ेगा. यह सवाल हर किसी के जेहन में बना हुआ है।

Image

EPFO ( AI Generated Image)

EPFO 3.0 के तहत कर्मचारियों को भविष्य में एटीएम और यूपीआई के जरिए PF खाते से पैसा निकालने की सुविधा मिल सकती है। इस नए सिस्टम का उद्देश्य PF निकासी प्रक्रिया को पहले की तुलना में तेज, आसान और पूरी तरह डिजिटल बनाना है। हालांकि इस सुविधा को लेकर कर्मचारियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर PF खाते से 75 प्रतिशत तक राशि निकाल ली जाए, तो क्या इसका पेंशन पर क्या असर पड़ेगा। अगर आप भी एक नौकरीपेशा हैं और आपके मन में भी इस तरह का सवाल है तो ये जानकारी आपके काम की हो सकती है-

EPF और EPS दोनों अलग-अलग व्यवस्थाएं

सबसे पहले तो यही समझें कि EPF और EPS दोनों अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं। EPF यानी Employees Provident Fund और EPS यानी Employees Pension Scheme दोनों रिटायरमेंट से जुड़ी सरकारी योजनाएं हैं, लेकिन दोनों का काम अलग होता है। EPF में कर्मचारी और कंपनी द्वारा जमा किया गया पैसा एक बचत फंड के रूप में जमा होता है, जिस पर ब्याज मिलता है और जरूरत पड़ने पर निकासी भी की जा सकती है। वहीं EPS का उद्देश्य रिटायरमेंट के बाद नियमित पेंशन देना होता है। कंपनी के योगदान का एक हिस्सा EPS में जाता है।

निकासी EPF बैलेंस से होगी

सरकार के अनुसार, ATM या UPI के जरिए निकासी केवल EPF बैलेंस से होगी और कर्मचारी अधिकतम 75 प्रतिशत तक राशि निकाल सकेंगे। इसका सीधा असर पेंशन रिकॉर्ड पर नहीं पड़ेगा। अगर किसी कर्मचारी ने EPS में कम से कम 10 साल की पात्र सेवा पूरी कर ली है, तो उसे 58 साल की उम्र के बाद पेंशन का अधिकार मिलता रहेगा।

उदाहरण के तौर पर अगर कोई 50 साल का कर्मचारी अपने PF खाते से बड़ी रकम निकालता है, तब भी उसका EPS सेवा रिकॉर्ड खत्म नहीं होगा। यानी PF निकासी करने से पेंशन पात्रता दोबारा शून्य नहीं होगी।

जल्द शुरू होगी नई व्यवस्था

EPFO 3.0 का मुख्य उद्देश्य PF प्रक्रिया को तेज और पूरी तरह पेपरलेस बनाना है। नए सिस्टम में पैसा निकालना और ट्रांसफर करना पहले की तुलना में काफी आसान हो सकता है। सरकार का कहना है कि UPI आधारित सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और इसे जल्द लागू किया जा सकता है।

श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया (Mansukh Mandaviya) ने कुछ समय पहले यह साफ किया था कि इस सुविधा के तहत निकाली गई राशि सीधे सदस्य के बैंक खाते में भेजी जाएगी। हालांकि अभी इसकी लॉन्च तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, EPFO के पास इस समय करीब 28 लाख करोड़ रुपये का फंड है और करोड़ों कर्मचारी इस व्यवस्था पर भरोसा करते हैं। PF योजना को सुरक्षित निवेश और टैक्स लाभ के कारण भारत की सबसे भरोसेमंद रिटायरमेंट बचत योजनाओं में गिना जाता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article