बिजनेस

EPFO 3.0 : कैसे ATM से निकलेगा पीएफ, क्या हैं नियम और कब जमीन पर उतरेगी योजना?

EPFO ने पिछले साल ATM से कैश की तरह PF विड्रॉल की सुविधा का ऐलान किया, क्या यह सुविधा शुरू हो चुकी है। इस सुविधा के लिए क्या नियम हैं और यह कब तक जमीन पर उतरेगी यहां चेक करें।

Image

ATM से कैश की तरह आसान होगी निकासी

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की तरफ से PF Withdrawal आसान बनाने की कोशिशें की जा रही हैं। इसी सिलसिले में ATM से कैश की तरह PF निकासी की सुविधा शुरू करने का ऐलान किया गया है। लेकिन, ज्यादातर EPFO Members को अभी तक यह नहीं पता है कि यह सुविधा शुरू हो चुकी है या नहीं। इसके अलावा इसका इस्तेमाल कैसा किया जा सकता है। कर्मचारियों के लिए पीएफ निकासी को आसान बनाने के लिए किए गए डिजिटल उपायों को EPFO 3.0 नाम दिया गया है।

क्या शुरू हो चुका है सिस्टम?

केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया के मुताबिक ATM PF Withdrawal सिस्टम की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। अब इसे जल्द ही पब्लिक यूज के लिए रोलआउट कर दिया जाएगा। हालांकि, श्रम मंत्रालय, EPFO या किसी अन्य आधिकारिक निकाय की तरफ से अभी तक इसके लॉन्च की सटीक तारीख घोषित नहीं की गई है।

ATM और UPI से कैसे निकलेगा PF का पैसा?

EPFO 3.0 के तहत आप अपने EPF खाते की कुल रकम में से उतनी रकम को देख पाएंगे, जिसे आप किसी भी समय निकालने के लिए पात्र होंगे।इसके बाद UPI के जरिये आपके PF अकाउंट से जो बैंक अकाउंट लिंक होगा उसमें यह रकम ट्रांसफर होगी। इसके बाद इस रकम को तुरंत निकाल पाएंगे। एक बार बैंक अकाउंट में पैसा आने के बाद यूजर इस रकम को ऑनलाइन भी इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर चाहें, तो ATM से कैश निकाल सकते हैं।

कितना पैसा निकाल सकेंगे?

EPFO के नए नियमों के मुताबिक अब कर्मचारी अपने PF बैलेंस का 50% से 75% तक हिस्सा इस सुविधा के तहत निकाल पाएंगे। हालांकि, रकम निकासी के दौरान अनिवार्य रिटेंशन बफर अमाउंट यानी करीब 25% रकम अपनी पीएफ खाते मे ही बनाए रखना जरूरी है।

ऑटो सेटलमेंट की लिमिट भी बढ़ी

EPFO की तरफ से ऑपटो सेटलमेंट की सीमा को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है। इस रकम का इस्तेमाल घर खरीदने, इलाज कराने, पढ़ाई या शादी जैसी जरूरतों के लिए किया जा सकता है। 5 लाख तक के क्लेम नए नियमों के तहत 3 दिन के भीतर सेटल हो सकते हैं।

क्या पेंशन की रकम पर पड़ेगा असर?

EPFO के नियमों के मुताबिक PF अकाउंट से निकासी की सुविधा केवल EPF बैलेंस पर लागू होती है। इसका पेंशन वाले हिस्से यानी EPS पर कोई असर नहीं होता है।

UMANG ऐप में नई सुविधा

EPFO की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक EPFO 3.0 पहलों के तहत अब फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) का इस्तेमाल भी किया जाएगा। इसके तहत कर्मचारी UMANG ऐप पर अपना UAN एक्टिवेट कर सकेंगे। इसके साथ ही वहां पासबुक देख सकेंगे और ऑनलाइन क्लेम फाइल कर सकेंगे।

WhatsApp पर भी मिलेंगी सुविधाएं

EPFO अब अपनी कई तरह की सुविधाएं WhatsApp के जरिये भी मेंबर्स को देने की तैयारी में है। इसके लिए EPFO के वेरिफाइड WhatsApp नंबर पर “Hello” लिखकर सुविधाओं की लिस्ट देखी जा सकती है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article