बिजनेस

10 लाख रुपये का फंड ऐसे करें तैयार! जानिए कितनी होनी चाहिए मंथली SIP

SIP के जरिए 10 लाख रुपये का फंड आसानी से तैयार किया जा सकता है। अगर आपकी कमाई अच्छी है तो आप हर महीने 18000 रुपये की एसआईपी 10 लाख रुपये से ज्यादा का कॉपर्स तैयार कर सकते हैं।

Image

SIP से 10 लाख का फंड कितने समय में होगा तैयार (AI Generated Image)

अगर आप अपनी कमाई का एक हिस्सा नियमित तौर पर निवेश करते हैं तो छोटी अवधि में भी एक अच्छा फंड तैयार किया जा सकता है। खासतौर पर म्यूचुअल फंड में SIP (Systematic Investment Plan) के जरिए हर महीने एक तय रकम निवेश करने की सुविधा मिलती है। अगर आपकी आमदनी अच्छी है और आप हर महीने 18,000 रुपये की SIP कर सकते हैं, तो अनुमानित 12 प्रतिशत सालाना रिटर्न के आधार पर कुछ ही वर्षों में 10 लाख रुपये से ज्यादा का कॉपर्स तैयार हो सकता है।

हर महीने कितने रुपये करने होंगे निवेश

एक उदाहरण से इस पूरी कैलकुलेशन को समझते हैं। मान लेते हैं कि कोई निवेशक हर महीने 18000 रुपये की SIP करता है। इस एसआईपी को चार साल यानी 48 महीने तक लगातार बनाए रखने पर कुल निवेश 8,64,000 रुपये हो जाएगा। इसके बाद अगर निवेश पर औसतन 12 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिलता है, तो अनुमानित रिटर्न करीब 2,34,275 हो सकता है। इस तरह चार साल के अंत में कुल अनुमानित मैच्योरिटी अमाउंट करीब 10,98,275 रुपये हो सकता है।

विवरणजानकारी
मंथली इंवेस्टमेंट₹18,000
सालाना रेट ऑफ रिटर्न (अनुमानित)12%
टाइम पीरियड4 साल
कुल निवेश₹8,64,000
अनुमानित रिटर्न₹2,34,275
कुल मैच्योरिटी अमाउंट₹10,98,275

निवेश और कंपाउंडिंग को समझें

यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इस पूरे अनुमान में निवेश की रकम और रिटर्न को अलग-अलग समझना जरूरी है। निवेशक ने चार साल में 8.64 लाख रुपये जमा किए, जबकि अनुमानित रिटर्न करीब 2.34 लाख रुपये है। दोनों को जोड़ने पर करीब 10.98 लाख रुपये का कॉपर्स तैयार होता है। यानी लगातार निवेश और कंपाउंडिंग की वजह से निवेश की रकम पर अतिरिक्त पैसा जुड़ता जाता है।

एक-साथ बड़ी रकम लगाने की जरूरत नहीं

SIP की सबसे बड़ी खासियत नियमित निवेश ही है। इसमें निवेशक को एक साथ बड़ी रकम लगाने की जरूरत नहीं होती। हर महीने तय तारीख पर बैंक अकाउंट से पैसे कटकर चुनी गई म्यूचुअल फंड स्कीम में निवेश हो जाते हैं। इस वजह से नियमित बचत की आदत भी बनती है। हालांकि, SIP में मिलने वाला रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। 12 प्रतिशत रिटर्न की गारंटी नहीं होती। वास्तविक रिटर्न इससे कम या ज्यादा हो सकता है।

स्टेप-अप एसआईपी का भी विकल्प

वहीं, अगर कमाई बढ़ने के साथ SIP की रकम भी बढ़ाई जाए, तो लंबे समय में कॉपर्स तेजी से बढ़ सकता है। शुरुआत में कम रकम से SIP शुरू करने के बाद आय बढ़ने पर निवेश बढ़ाया जा सकता है। इसे स्टेप-अप SIP कहा जाता है। यानी अगर आप 18,000 की मासिक SIP शुरू करने के साथ हर साल निवेश की रकम में 10% का स्टेप-अप करते हैं, तो 4 साल में कुल अनुमानित कॉपर्स करीब 12,57,212 रुपये हो सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article