Earthquake Home-Car Insurance: भूकंप के झटकों से मंगलवार (21 मार्च, 2023) रात न सिर्फ आधा भारत कांपा बल्कि ये झटके चीन, अफगानिस्तान और पाकिस्तान में भी महसूस किए गए। भारत में इन झटकों के चलते करीब 30 सेकेंड तक धरती हिली और रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.6 रही। दिल्ली-एनसीआर के अलावा लखनऊ में भी झटके महसूस किए गए। दिल्ली के शकरपुर में बिल्डिंग झुकने की खबर है। भूकंप के बाद मेट्रो पिलर 51 के पास बिल्डिंग झुकी।
पर क्या आपको पता है कि भूकंप के लिहाज से अति संवेदनशील तुर्की जैसे देशों में सभी लोगों को भूकंप इंश्योरेंस दिया जाता है। अगर भूकंप की वजह से घर या संपत्ति को नुकसान पहुंचता है तो इंश्योरेंस से पेमेंट किया जाता है। ऐसे में ये जानना जरूरी है कि क्या भारत में भी भूकंप से होने वाले नुकसानों को इंश्योरेंस में कवर किया जाता है?
होम इंश्योरेंस में घर में रखा सामान भी होता है कवर
दरअसल हमारे देश में कई बीमा कंपनियां होम इंश्योरेंस स्कीम पेश करती हैं, जिममें भूकंप, बाढ़ या दूसरी प्राकृतिक आपदाओं को भी कवर किया जाता है। होम इंश्योरेंस में घर ही नहीं, बल्कि घर में रखे सामान को भी कवर किया जाता है। कुछ बीमा कंपनियां तो 8-10 करोड़ रुपये तक के होम स्ट्रक्चर और 40-50 लाख रुपये तक के घर में रखे सामान को कवर देती हैं। यदि भूकंप से घर को किसी भी तरह का नुकसान या पूरी तरह मलबे में बदल जाता है तो इसका भुगतान हो जाता है। वहीं भूकंप को बिजनेस बिल्डिंग जैसे दुकान, स्टोर या मॉल को भी इंश्योरेंस पॉलिसी में कवर किया जाता है। इसी तरह से अगर भूकंप में आपकी गाड़ी भी डैमेज हो गई है तो वो भी इंश्योरेंस में कवर होती है। लेकिन उसके लिए ऑन डैमेज पॉलिसी लेनी पड़ती है, जो कार इंश्योरेंस का हिस्सा है। इसमें भूकंप, बाढ़ या दंगों से हुए नुकसान की भरपाई की जाती है।
इस स्थिति में नहीं मिलता मुआवजा
- यदि आपका घर किराए पर दिया गया था, तो बीमा कंपनी किराए पर कोई मुआवजा नहीं देगी।
- यदि भूकंप के बाद बाढ़ आ जाती है तो बाढ़ का बीमा होने पर ही आपको कवर मिलेगा।
- साथ ही घर के अंदर और बाहर से मलबा हटाने का भूकंप बीमा पॉलिसी में कवर नहीं किया जाता है।
नुकसान में इंश्योरेंस से मिलेगी राहत
आंकड़ों के मुताबिक पिछले एक महीने में भारत में 136 भूकंप आ चुके हैं। भूकंप ऐसी आपदा है जो बताकर नहीं आती है। इसलिए भूकंप के बाद यदि घर तबाह हो जाता है तो उसे फिर से बनाने के लिए इंश्योरेंस बहुत जरूरी है।
