बिजनेस

Bitcoin Price: डोनाल्ड ट्रंप बने अमेरिका के राष्ट्रपति, बिटकॉइन की कीमत में आया उछाल, पहली बार 1 लाख डॉलर के पार

Bitcoin Price: डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए हैं। उनकी शपथ से पहले ही क्रिप्टोकरेंसी बाजार में तेजी आ गई है। बिटकॉइन की कीमत में उछाल आ गया। कीमत 1.09 लाख डॉलर से अधिक हो गई।

Image

क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की कीमत में उछाल

Bitcoin Price: डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के अमेरिकी राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से पहले सोमवार को सुबह आभासी मुद्रा बिटकॉइन की कीमत 1.09 लाख डॉलर से अधिक हो गई। दरअसल, क्रिप्टोकरेंसी (cryptocurrency) इंडस्ट्री को उम्मीद है कि ट्रंप व्हाइट हाउस में लौटने के तुरंत बाद डिजिटल मुद्रा को बढ़ावा देने वाले कदम उठाएंगे। ट्रंप ने कुछ साल पहले बिटकॉइन को ‘एक घोटाले की तरह’ बताया था लेकिन हाल में उनका बदला हुआ रुख देखने को मिला है।

क्रिप्टो राजधानी बनेगा अमेरिका!

ट्रंप ने एक नया क्रिप्टोकरेंसी (cryptocurrency) वेंचर भी शुरू किया है और अमेरिका को दुनिया की ‘क्रिप्टो राजधानी’ बनाने के लिए कार्यकाल की शुरुआत में ही कदम उठाने का वादा किया है। उनके वादों में अमेरिकी क्रिप्टो भंडार बनाना, उद्योग के अनुकूल विनियमन लागू करना और अपने प्रशासन के लिए क्रिप्टो 'जार' नियुक्त करना शामिल है।

बिटकॉइन सबसे लोकप्रिय

बिटकॉइन दुनिया की सबसे लोकप्रिय आभासी मुद्रा (क्रिप्टोकरेंसी) है जिसे वर्ष 2009 में बैंकों या सरकारों द्वारा नियंत्रित नहीं की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक मुद्रा के रूप में बनाया गया था। हालांकि, अत्यधिक अस्थिर प्रकृति के साथ अपराधियों, घोटालेबाजों और कुछ देशों द्वारा उनके उपयोग से इसकी खूब आलोचना भी हुई है।

बिटकॉइन पहली बार 1 लाख डॉलर

ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने के बाद से बिटकॉइन की कीमतों में काफी उछाल आ चुका है। पिछले महीने यह पहली बार एक लाख डॉलर से ऊपर पहुंच गया था। हालांकि, बाद में यह गिरकर 90,000 डॉलर के करीब आ गया था।

शपथ लेने के पहले बिटकॉइन के भाव तेज

इस बीच, शुक्रवार को ट्रंप के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के पहले इसके भाव तेज हो गए। कॉइनडेस्क के मुताबिक, बिटकॉइन की कीमत शुक्रवार सुबह करीब पांच प्रतिशत यानी 9,000 डॉलर उछलकर 1.09 लाख डॉलर पर पहुंच गई। दो साल पहले एक बिटकॉइन की कीमत करीब 20,000 डॉलर थी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article