DOMS IPO GMP: स्टेशनरी और आर्ट प्रोडक्ट बनाने वाली डोम्स इंडस्ट्रीज (DOMS Industries) ने अगले हफ्ते खुलने वाले अपने आईपीओ (IPO) के लिए शेयरों का प्राइस बैंड 750-790 रुपये प्रति शेयर तय किया है। यह इस महीने का पहला मेनबोर्ड आईपीओ होगा। डोम्स इंडस्ट्रीज का 1,200 करोड़ रुपये का आईपीओ 13 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 15 तारीख को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए इश्यू 12 दिसंबर को एक दिन के लिए खुलेगा। डोम्स का आईपीओ भी टाटा टेक्नोलॉजीज (Tata Technologies) की तरह खुलने से पहले ही प्रॉफिट के संकेत दे रहा है। क्योंकि इसका जीएमपी काफी अधिक है।
कितना है जीएमपी
आईपीओ वॉच के अनुसार डोम्स इंडस्ट्रीज का जीएमपी या ग्रे मार्केट प्रीमियम 200 रु पर पहुंच गया है। जीएमपी से अनुमान लगता है कि कोई शेयर अपने आईपीओ के प्राइस बैंड से कितने अधिक प्रीमियम पर है। इसी से लिस्टिंग पर होने वाले प्रॉफिट का अनुमान लगता है। मगर ध्यान रहे कि लिस्टिंग तक किसी आईपीओ का जीएमपी घट भी सकता है।
कितने के बिकेंगे नए शेयर
आईपीओ में कंपनी 350 करोड़ रु के नए शेयर जारी करेगी। साथ ही मौजूदा शेयरधारक 850 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री करेंगे। डोम्स की इटली की कॉर्पोरेट प्रमोटर FILA-फैब्रीका इटालियाना लैपाइज्ड एफिनी स्पा OFS (ऑफर-फॉर-सेल) में 800 करोड़ रुपये के शेयर बेचेगी, जबकि प्रमोटर संजय मनसुखलाल राजानी और केतन मनसुखलाल रजनी OFS में 25-25 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे।
कर्मचारियों को मिलेगी शेयर प्राइस में छूट
इस ऑफर में कंपनी के कर्मचारियों के लिए 5 करोड़ रुपये के शेयर आरक्षण होंगे, जिन्हें ये शेयर फाइनल इश्यू प्राइस पर 75 रुपये की छूट पर मिलेंगे।
डिस्क्लेमर : यहां मुख्य तौर पर एक आईपीओ की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।
