बिजनेस

Dollar Vs Rupee: रुपये में रिकवरी का दौर जारी, अब 1 डॉलर कीमत घटकर हुई इतनी

भारतीय रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप से रुपये में मजबूती का सिलसिला जारी है। करेंसी एक्सपर्ट के अनुसारा, अगर कच्चा तेल टूटता है तो यह तेजी जारी रहेगी।

Image

रुपये में रिकवरी

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में रिकवरी का दौर जारी है। शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 20 पैसे मजबूत होकर 94.79 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर में नरमी और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के संरचनात्मक विदेशी मुद्रा हस्तक्षेपों से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और शेयर बाजारों में गिरावट ने रुपये की तेजी को सीमित कर दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.75 प्रति डॉलर पर खुला। फिर मजबूत होकर 94.79 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 20 पैसे की बढ़त है।

पिछले कुछ दिनों में लौटी मजबूती

रुपया बृहस्पतिवार को 18 पैसे की बढ़त के साथ 94.99 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.54 प्रतिशत टूटकर 102 पर आ गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 113 अंक टूटकर 74,187 अंक पर और निफ्टी 27.20 अंक की गिरावट के साथ 22,967.15 अंक पर रहा।

अब आगे क्या?

इस हफ्ते लिक्विडिटी (नकदी) की तंगी और बैंकों द्वारा अपनी पोजीशन कम करने के कारण रुपये के फॉरवर्ड प्रीमियम में काफी तेजी आई है। RBI के स्पष्टीकरण से फॉरवर्ड मार्केट में पैदा हुई कुछ दिक्कतों को कम करने में मदद मिल सकती है।

हालांकि, केंद्रीय बैंक के इन कदमों के अर्थ को लेकर अभी भी कुछ अनिश्चितता बनी हुई है। आने वाले समय में रुपये की चाल काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगी कि बाजार के प्रतिभागी अपनी पोजीशन को कैसे एडजस्ट करते हैं, RBI आगे और कितने डॉलर बेचता है, और डॉलर तथा अन्य एशियाई मुद्राओं में क्या उतार-चढ़ाव आते हैं।

कच्चा तेल टूटा

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.54 प्रतिशत घटकर 105.35 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 5,285.37 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article