Dollar Vs Rupee: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आज रुपये में मजबूती लौटी है। रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे चढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.69 पर ट्रेडकर रहा है। शेयर बाजार में भी आज उतार-चढ़ाव जारी है। करेंसी एक्सपर्ट का कहना है कि घरेलू शेयर बाजारों में पूंजी निकासी और अमेरिका-ईरान समझौते की उम्मीदें कमजोर पड़ने से घरेलू मुद्रा पर दबाव कायम है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया में लंबा खिंचता संकट भारत के लिए चिंता का विषय बना हुआ है क्योंकि देश ऊर्जा आयात पर काफी निर्भर है।
बुधवार को 40 पैसे टूट गया था रुपया
रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 पैसे टूटकर 95.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.70 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में 95.69 प्रति डॉलर तक पहुंचा जो पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की बढ़त दर्शाता है। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.47 पर रहा।
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव जारी
गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.90 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 5,616.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
क्यों रुपये पर बढ़ा है दबाव?
ईरान संकट के कारण कच्चे तेल की कीमत तेजी से बढ़ी है। इससे भारतीय रुपये पर दबाव बढ़ा है। इसके अलावा मजबूत अमेरिकी डॉलर, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता ने भी रुपये को कमजोर किया है। हालांकि, हाल के दिनों में घरेलू आर्थिक मजबूती के संकेतों से रुपये को कुछ सहारा मिला है। अब ईरान युद्ध खत्म होने की उम्मीद बढ़ी है। इससे आने वाले दिनों में रुपये में मजबूती लौट सकती है।
