बिजनेस

सुंदर फ्लैट देखकर ही बुकिंग न करें! सोसाइटी में पानी, लिफ्ट और सुविधाओं की ऐसे करें पड़ताल

किसी बड़ी आवासीय सोसाइटी में घर खरीदने से पहले केवल फ्लैट का आकार, कीमत और सुविधाएं नहीं देखनी चाहिए। प्रोजेक्ट की वास्तविक स्थिति समझनी ज्यादा जरूरी है।

Image

फ्लैट खरीदने से पहले करें ये पड़ताल

मेट्रो शहरों के अलावा टियर टू और थ्री शहरों में सोसाइटी कल्चर तेजी से बढ़ा है। बदलते दौर और लाइफस्टाइल ने गेटेड सोसाइटी की मांग बढ़ाई है। इसके चलते लोग अधिक पैसा चुकाकर भी सोसाइटी में फ्लैट खरीद रहे हैं। हालांकि, अब सोसाइटी में कई तरह की समस्या सामने आ रही है, जिससे लोग सोशल मीडिया पर शिकायत कर रहे हैं। अगर आप भी किसी सोसाइटी में फ्लैट बुक करने की तैयारी कर रहे हैं तो सिर्फ सुंदर फ्लैट देखकर ही बुकिंग न करें! फ्लैट बुक करने से पहले उस सोसाइटी में पानी की सप्लाई, लिफ्ट और दूसरी सुविधाओं की पड़ताल जरूर करें। आइए जानते हैं कि सोसाइटी में फ्लैट बुक करने से पहले किन बातों का खास ख्याल रखें

1. पानी की समस्या

पानी की कमी और खराब गुणवत्ता बड़ी आवासीय सोसाइटियों की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल होती जा रही है। वाटर कनेक्शन होने का मतलब यह नहीं कि पानी की गारंटी है। पानी की आपूर्ति कम होने पर पूरी सोसाइटी महंगे पानी के टैंकरों पर निर्भर हो जा रही है। इसलिए जिस भी सोसाइटी में फ्लैट खरीदने जा रहे हैं, उसमें सबसे पहले चेक करें कि पानी की सप्लाई की क्या स्थिति है। अगर बहुत समस्या है तो उस सोसाइटी में फ्लैट बुक करने से बचें।

2. लिफ्ट की समस्या

बड़ी आवासीय सोसाइटियों में लिफ्ट भी गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। अधिकांश सोसाइटी में फ्लैट के मुताबिक लिफ्ट नहीं है। इसका सबसे बड़ा खामियाजा सुबह और शाम के वक्त स्कूल और ऑफिस जाने वालों को हो रहा है। इतना ही नहीं, लिफ्ट के बार-बार खराब होने से भी परेशानी बढ़ रही है। इसलिए किसी भी सोसाइटी में फ्लैट बुक करने से पहले चेक करें कि टावर में यूनिट्स के हिसाब से पर्याप्त लिफ्ट और डेडिकेटेड सर्विस/स्ट्रेचर लिफ्ट है या नहीं।

3. पार्किंग की दिक्कत

बड़ी सोसाइटियों में पार्किंग सबसे आम और रोजमर्रा की परेशानी में से एक हो गई है। फ्लैट खरीदते समय पार्किंग की जगह मिल जाना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि यह देखना भी जरूरी है कि भविष्य में सोसाइटी की पूरी आबादी बढ़ने पर पार्किंग व्यवस्था कितनी कारगर रहेगी। इसलिए फ्लैट बुक करने से पहले पार्किंग की स्थिति की जांच जरूर करें।

4. सीपेज और जलभराव की समस्या

सोसाइटी में रहने वालों के लिए सीपेज यानी दीवारों और छत में नमी या पानी का रिसाव लंबे समय तक चलने वाली समस्या बन गई है। बारिश के मौसम में बेसमेंट में जलभराव एक और गंभीर परेशानी होती है। तेज बारिश के दौरान अगर पानी की निकासी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है तो पार्किंग क्षेत्र और आने-जाने वाले रास्तों में पानी भर जाता है। इसलिए घर खरीदने से पहले यह देखना जरूरी है कि सोसाइटी में बारिश के पानी की निकासी और जल निकासी की व्यवस्था कितनी मजबूत है।

5. सुरक्षा संबंधी चिंता

गेटेड सोसाइटी का सबसे बड़ा आकर्षण सुरक्षा व्यवस्था होती है, लेकिन कई बार यही व्यवस्था सवालों के घेरे में आ जाती है। सुरक्षा गार्डों की संख्या कम होना, गेट पर आने-जाने वालों की सही जांच न होना और बिना सत्यापन के बाहरी लोगों का प्रवेश सुरक्षा को कमजोर कर सकता है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे लगे होने भर से सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती। कैमरे काम कर रहे हैं या नहीं, उनकी निगरानी कौन करता है और रिकॉर्डिंग कितने समय तक सुरक्षित रखी जाती है, यह भी महत्वपूर्ण है। डिलीवरी कर्मचारियों, घरेलू सहायकों, ड्राइवरों और दूसरे बाहरी लोगों की आवाजाही ज्यादा होने के कारण बड़ी सोसाइटियों में सुरक्षा प्रबंधन और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article