Dixon Technologies: घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग की दिग्गज कंपनी Dixon Technologies ने एक और बड़ी साझेदारी का ऐलान किया है। कंपनी ने चीन की HKC Overseas के साथ मिलकर डिस्प्ले मॉड्यूल निर्माण के लिए 370 करोड़ रुपये का संयुक्त उद्यम (Joint Venture) बनाने की घोषणा की है। यह कदम भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में नई रफ्तार देने वाला माना जा रहा है।
टीवी और मोबाइल के लिए डिस्प्ले मॉड्यूल
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि यह जॉइंट वेंचर LCD और TFT-LCD डिस्प्ले मॉड्यूल्स के उत्पादन और बिक्री पर केंद्रित होगा। इन मॉड्यूल्स का इस्तेमाल टीवी, मोबाइल फोन, कंप्यूटर मॉनिटर और ऑटोमोबाइल डिस्प्ले जैसे उपकरणों में किया जाता है। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य भारत में ही आधुनिक डिस्प्ले तकनीक का निर्माण करना है।
हिस्सेदारी का बंटवारा
HKC Overseas संयुक्त उद्यम कंपनी Dixon Display Technologies Pvt. Ltd. (DDTPL) में 26% हिस्सेदारी खरीदेगी । इसके लिए वह करीब 95.5 करोड़ रुपये (10.998 मिलियन डॉलर) का निवेश करेगी। वहीं Dixon Technologies इस JV में 74% हिस्सेदारी लेगी , जिसके लिए वह करीब 274 करोड़ रुपये (31.3 मिलियन डॉलर) का निवेश दो चरणों में करेगी।
लगातार बढ़ रही Dixon की साझेदारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Dixon पिछले कुछ समय से लगातार चीनी टेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ साझेदारी कर रही है। हाल ही में कंपनी ने Chongqing Yuhai Precision Manufacturing और Kunshan Q Technology की भारतीय यूनिट्स के साथ भी एक संयुक्त उद्यम किया था। उस समझौते का फोकस मोबाइल और लैपटॉप जैसे उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले जरूरी इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स का निर्माण और बिक्री था।
Dixon Technologies का शेयर हाल
पिछले एक साल में Dixon Technologies के शेयर ने निवेशकों को 35.91% का रिटर्न दिया है। हालांकि, 2024 की शुरुआत से अब तक शेयर 10.10% गिरा है। सिर्फ पिछले एक महीने में इसमें 1.83% की तेजी देखने को मिली है।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
