बिजनेस

DGCA एयर इंडिया के विमान में बिना कमांड रैम एयर टर्बाइन चालू होने की जांच करेगा: नायडू

यह घटना चार अक्टूबर को अमृतसर से बर्मिंघम जा रही उड़ान संख्या एआई117 का संचालन कर रहे विमान वीटी-एएनओ से संबंधित है। बर्मिंघम में उतरने से कुछ सेकंड पहले आरएटी चालू हुआ और विमान सुरक्षित रूप से उतर गया।

Image

DGCA से देश के सभी बोइंग 787 विमानों की बिजली प्रणाली की गहन जांच करने का आग्रह किया है। (फोटो क्रेडिट-iStock)

नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि नियामक डीजीसीए पिछले हफ्ते एयर इंडिया बोइंग ड्रीमलाइनर विमान में बिना कमांड रैम एयर टर्बाइन (आरएटी) चालू होने के मूल कारण का पता लगाने के लिए गहन अध्ययन करेगा। यह घटना चार अक्टूबर को अमृतसर से बर्मिंघम जा रही उड़ान संख्या एआई117 का संचालन कर रहे विमान वीटी-एएनओ से संबंधित है। बर्मिंघम में उतरने से कुछ सेकंड पहले आरएटी चालू हुआ और विमान सुरक्षित रूप से उतर गया।

घटना के बारे में एक सवाल के जवाब में नायडू ने कहा कि जब भी ऐसी घटनाएं होती हैं, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) समस्या के मूल कारण का पता लगाने की कोशिश करता है। मंत्री ने कहा, ''मूल कारण को समझने के बाद हम हितधारकों, ओईएम (मूल उपकरण विनिर्माता) और अन्य संबंधित पक्षों से भी संपर्क करेंगे...।’’

उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में एक किताब 'अबव एंड बियॉन्ड - एक्सप्लोरिंग द अमेजिंग वर्ल्ड ऑफ एविएशन' के विमोचन के अवसर पर यह बात कही। यह किताब सीआईएसएफ के डीआईजी और हैदराबाद स्थित एएसजी (विमानन सुरक्षा समूह) के मुख्य हवाई अड्डा सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार मोहनका ने लिखा है।

आमतौर पर, दोहरे इंजन में खराबी, बिजली, इलेक्ट्रॉनिक या हाइड्रोलिक खराबी आदि की स्थिति में आरएटी स्वचालित रूप से चालू हो जाता है। इस घटना ने सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ा दी हैं और भारतीय पायलट महासंघ (एफआईपी) ने डीजीसीए से देश के सभी बोइंग 787 विमानों की बिजली प्रणाली की गहन जांच करने का आग्रह किया है।

(इनपुट- भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article