Stock Market Today : भारत सहित आज दुनियाभर के शेयर बाजारों में अलग तरह का पैटर्न दिखा है। Crude Oil के दाम बढ़ने के बाद भी इक्विटी बाजारों में तेजी का रुख है। अक्सर क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमत भारतीय शेयर बाजार के लिए चिंता की वजह बनती है। लेकिन, बुधवार को तस्वीर बिल्कुल अलग रही। एक तरफ ब्रेंट क्रूड 85 डॉलर के पार पहुंच गया, वहीं दूसरी तरफ भारतीय शेयर बाजार ने शानदार तेजी दिखाई।
शुरुआती कारोबार में Sensex करीब 585 अंक उछल गया और Nifty 24,200 के पार निकल गया। बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में जोरदार खरीदारी ने बाजार को नई ऊर्जा दी, जबकि वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सेंसेक्स 585 अंक की बढ़त के साथ 77,641.86 के आसपास कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 50 करीब 160 अंक चढ़कर 24,200 के ऊपर पहुंच गया। मंगलवार को निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुआ था, लेकिन बुधवार को बाजार ने शुरुआती मिनटों में ही वापसी कर ली।
महंगे तेल का असर क्यों नहीं दिखा?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 85.78 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 80.09 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। अमेरिका-ईरान के बीच जारी युद्ध और आपूर्ति को लेकर चिंताओं के बीच तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। आमतौर पर महंगा कच्चा तेल भारत के लिए नेगेटिव सेंटिमेंट को बढ़ाता है। लेकिन, इसके बावजूद इस बार निवेशकों ने वैश्विक बाजारों की तेजी और घरेलू खरीदारी को ज्यादा महत्व दिया। ग्लोबल मार्केट्स में तेजी के पीछे अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों में मिली राहत को अहम माना जा रहा है।
बैंकिंग शेयरों ने संभाली कमान
बुधवार की तेजी की सबसे बड़ी वजह बैंकिंग और वित्तीय शेयर रहे। निफ्टी बैंक 1.01 फीसदी ऊपर चढ़ गया है। इसी तरह निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 1.20 फीसदी चढ़ा हुआ है। वहीं, प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.12 फीसदी मजबूत है। इसके अलावा रियल्टी, ऑटो, ऑयल एंड गैस, सीमेंट और केमिकल शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
आईटी और मेटल शेयरों में हल्की कमजोरी
पूरे बाजार में तेजी के बावजूद कुछ सेक्टर दबाव में रहे। IT Stocks में आज मुनाफावसूली देखने को मिल रही है। इसके अलावा मेटल इंडेक्स भी 0.19 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है।
India Vix में गिरावट
बाजार में निवेशकों की भावनाओं को दिखाने वाले वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया विक्स में करीब 3.40 फीसदी की गिरावट आई है। यह अब गिरकर 13.28 पर आ गया। विक्स में गिरावट बताती है कि निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है और फिलहाल घबराहट कम है।
रुपये और डॉलर का हाल
डॉलर सूचकांक 0.14 फीसदी गिरकर 100.80 पर आ गया। वहीं रुपया भी हल्की मजबूती के साथ 96.13 प्रति डॉलर के आसपास कारोबार करता दिखा। कमजोर डॉलर से विदेशी निवेश का माहौल बेहतर होने की उम्मीद बढ़ती है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : Stock Market Closing Rule : बदलेगा बाजार की क्लोजिंग का तरीका, सेबी का नया सिस्टम कैसे करेगा काम?
