क्रेडिट कार्ड (Credit Card) आज के समय में केवल भुगतान का साधन नहीं रह गया है, बल्कि यह व्यक्ति की वित्तीय विश्वसनीयता (Creditworthiness) का भी एक महत्वपूर्ण संकेतक माना जाता है। तो क्या बैंक किसी भी पूर्व जानकारी के किसी भी क्रेडिट कार्ड होल्डर की कार्ड लिमिट कम कर सकते हैं? जी हां, बैंक ऐसा कर सकते हैं।
क्यों घटा दी जाती है क्रेडिट कार्ड लिमिट? (AI Generated Image)
दरअसल, बैंक समय-समय पर अपने ग्राहकों के खातों और क्रेडिट बिहेवियर की समीक्षा करते रहते हैं। अगर उन्हें लगता है कि किसी ग्राहक का जोखिम बढ़ गया है या उसकी वित्तीय स्थिति पहले जैसी नहीं रही तो बैंक एहतियात के तौर पर क्रेडिट लिमिट घटा सकते हैं।
कब घट सकती है कार्ड की लिमिट
लंबे समय तक कार्ड का इस्तेमाल न करना
अगर आप अपने क्रेडिट कार्ड का लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो बैंक यह मान सकता है कि आपको इतनी अधिक लिमिट की जरूरत नहीं है। ऐसे मामलों में बैंक निष्क्रिय (Inactive) कार्ड की लिमिट कम कर सकता है।
भुगतान में देरी
अगर आप बार-बार क्रेडिट कार्ड का बिल देर से जमा करते हैं या केवल न्यूनतम राशि (Minimum Due) का भुगतान करते हैं तो बैंक इसे जोखिम का संकेत मान सकता है। इससे आपकी क्रेडिट लिमिट कम की जा सकती है।
आय में बदलाव
अगर बैंक को जानकारी मिलती है कि आपकी आय पहले की तुलना में कम हो गई है या आपकी नौकरी में बदलाव आया है, तो वह आपकी भुगतान क्षमता को देखते हुए लिमिट घटा सकता है।
खराब क्रेडिट स्कोर
अगर आपका क्रेडिट स्कोर गिर जाता है या आपने किसी दूसरे लोन और क्रेडिट कार्ड की किश्तों का भुगतान समय पर नहीं किया है, तो बैंक जोखिम कम करने के लिए आपकी लिमिट घटा सकता है।
बैंक की आंतरिक नीति
कई बार बैंक अपनी जोखिम प्रबंधन नीति या पोर्टफोलियो की समीक्षा के तहत भी कुछ ग्राहकों की क्रेडिट लिमिट में बदलाव करते हैं। इसका कारण हमेशा ग्राहक की गलती नहीं होता।
क्या इसका असर क्रेडिट स्कोर पर पड़ता है?
क्रेडिट लिमिट कम होने से आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो (Credit Utilisation Ratio) बढ़ सकता है। उदाहरण के लिए, अगर पहले आपकी लिमिट 2 लाख रुपये थी और आप 50,000 रुपये खर्च करते थे, तो आपका इस्तेमाल 25% था। लेकिन अगर बैंक लिमिट घटाकर 1 लाख रुपये कर देता है, तो वही खर्च अब 50% हो जाएगा। अधिक क्रेडिट यूटिलाइजेशन भविष्य में आपके क्रेडिट स्कोर पर नकारात्मक असर डाल सकता है।
लिमिट कम होने पर क्या करें?
अगर आपकी क्रेडिट लिमिट बिना बताए कम कर दी गई है तो सबसे पहले बैंक से इसका कारण पूछें। अगर आपकी आय बढ़ गई है या आपकी वित्तीय स्थिति मजबूत है, तो जरूरी डॉक्यूमेंट्स जमा कर लिमिट दोबारा बढ़ाने का अनुरोध किया जा सकता है।
