Byjus Employees Salaries Issue: एडुटेक कंपनी बायजू आर्थिक संकट से जूझ रही है। इस बीच कर्मचारियों को अब तक नवंबर की सैलरी नहीं मिली है। ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक बायजू ने अपने कर्मचारियों के एक वर्ग के नवंबर के वेतन में देरी की है। इससे लगभग 1,000 कर्मचारी पर असर पड़ा हैं। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों से कहा है कि वह सोमवार तक पेंडिंग सैलरी कर्मचारियों के अकाउंट में जमा कर देगी। बता दें कि बायजू के भारत में लगभग 14,000 कर्मचारी हैं। वहीं, सैलरी से प्रभावित कर्मचारी बायजू की पेरेंट कंपनी थिंक एंड लर्न के अंतर्गत आते हैं।
हर महीने की पहली तारीख को आती थी सैलरी
बायजू (Byjus) का सैलरी साइकल हर महीने की पहली तारीख को रीसेट होता है। एक तकनीकी खराबी के कारण कुछ सीमित कर्मचारियों (5%) के लिए सैलरी प्रोसेसिंग में देरी देखी है। इस समस्या को वीकेंड में ठीक किया जा रहा है और भुगतान सोमवार तक कर दिया जाएगा।
फंड जुटाने की कोशिश में कंपनी
बता दें कि बायजू फंड जुटाने के लिए संघर्ष कर रही है। इस कंपनी के शीर्ष निवेशकों ने नई पूंजी डालने के लिए कुछ शर्तें रखी हैं। ईटी की खबर के मुताबिक कंपनी को कम से कम 120-130 मिलियन डॉलर की जरूरत है। ईटी को कंपनी ने बताया था कि वह नई फंडिंग के लिए कई सोर्सेज से बातचीत कर रही है।
