बिजनेस

Bullet Train Update : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया पूरा प्लान, कब होगी शुरुआत?

देश के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्टस में शामिल बुलेट ट्रेन को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहम अपडेट दिया है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट की मौजूदा स्थिति और आगे का पूरा प्लान बताया है।

Image

बुलेट-ट्रेन अपडेट

Photo : iStock

Bullet Train Update: भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार अब खत्म होने के करीब है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बड़ा अपडेट देते हुए कहा है कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला सेक्शन अगले साल चालू हो जाएगा। सबसे पहले सूरत से बिलीमोरा के बीच बुलेट ट्रेन दौड़ेगी। इसके बाद पूरे कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।

हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री ने यह जानकारी देते हुए बताया कि देश की पहली हाई-स्पीड रेल परियोजना का निर्माण तेजी से चल रहा है और काम में अच्छी प्रगति हुई है। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अगले साल सूरत-बिलीमोरा सेक्शन को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद परियोजना के बाकी हिस्सों को एक-एक करके शुरू किया जाएगा ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द हाई-स्पीड रेल सेवा का लाभ मिल सके।

किस क्रम में खुलेंगे बाकी सेक्शन?

रेल मंत्री के मुताबिक बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सबसे पहले सूरत-बिलीमोरा के बीच बुलेट ट्रेन शुरू होगी। इसके बाद वापी और सूरत के बीच बुलेट ट्रेन चलेगी। इसके बाद वापी-अहमदाबाद, फिर अहमदाबाद-ठाणे और आखिर में अहमदाबाद-मुंबई सेक्शन शुरू किया जाएगा। इस तरह पूरे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को धीरे-धीरे यात्रियों के लिए खोला जाएगा।

रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास पर भी दिया अपडेट

रेल मंत्री ने बताया कि देशभर में रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का काम भी तेजी से चल रहा है। अब तक 261 रेलवे स्टेशन तैयार किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कई स्टेशनों पर निर्माण कार्य ट्रेन सेवाएं जारी रखते हुए किया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर सभी प्लेटफॉर्म के ऊपर एयर कॉन्कोर्स बनाया जा रहा है, जबकि ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है।

हैदराबाद बनेगा हाई-स्पीड रेल हब

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद के लिए तीन हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को मंजूरी दी है। वैष्णव ने बताया कि

पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई और हैदराबाद-बेंगलुरु के बीच हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हैदराबाद देश का एक बड़ा हाई-स्पीड रेल हब बन जाएगा। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम होगा।

तेलंगाना को रेलवे और इलेक्ट्रॉनिक्स में बड़ा फायदा

रेल मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग योजनाओं के तहत तेलंगाना को बड़ा लाभ मिला है। राज्य में 100 से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण कंपनियों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने इस साल तेलंगाना के रेलवे विकास के लिए 5,400 करोड़ रुपये का बजट दिया है, जिससे राज्य में रेलवे ढांचे में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article