बजट 2026

Union Budget 2025: निर्मला सीतारमण का बजट को लेकर विभिन्न पक्षों से परामर्श की प्रक्रिया खत्म, अब तैयार होगा बजट!

Union Budget 2025: बजट को लेकर परामर्श की प्रक्रिया खत्म हो गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने किसान संगठनों एवं कृषि अर्थशास्त्रियों, श्रमिक संगठनों, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े विशेषज्ञ, एमएसएमई, व्यापार और सेवाओं, उद्योग, अर्थशास्त्रियों, वित्तीय क्षेत्र के विशेषज्ञ और प्रतिनिधियों के साथ एक महीने चर्चा की।

Image

सीतारमण का बजट को लेकर विभिन्न पक्षों से चर्चाओं का दौर पूरा

Photo : Twitter

Union Budget 2025: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आगामी बजट की तैयारियों को लेकर उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों के प्रतिनिधियों समेत विभिन्न पक्षों के साथ परामर्श का दौर सोमवार (06 जनवरी 2024) को पूरा कर लिया। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट को लेकर परामर्श की प्रक्रिया एक महीने तक चली। इस प्रक्रिया की शुरुआत 6 दिसंबर 2024 को हुई थी और 6 जनवरी 2025 को यह पूरी हो गई।

इनके साथ हुई बैठक

बयान के मुताबिक विचार-विमर्श के तहत विभिन्न क्षेत्रों के 9 समूहों के साथ बैठकें हुईं। इनमें 100 से अधिक आमंत्रित प्रतिनिधि शामिल हुए। इन बैठकों में किसान संगठनों एवं कृषि अर्थशास्त्रियों, श्रमिक संगठनों, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े विशेषज्ञ, एमएसएमई, व्यापार और सेवाओं, उद्योग, अर्थशास्त्रियों, वित्तीय क्षेत्र के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि शामिल हुए। इन परामर्श बैठकों में पूंजी बाजार के साथ बुनियादी ढांचे, ऊर्जा और शहरी क्षेत्र के विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।

बजट में शामिल होता है सुझाव

सीतारमण ने बहुमूल्य सुझाव साझा करने के लिए प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि केंद्रीय बजट 2025-26 तैयार करते समय उनके सुझावों पर सावधानीपूर्वक गौर किया जाएगा। इसके अलावा 10 जनवरी से लोग केंद्रीय बजट 2025-26 के बारे में अपने बहुमूल्य सुझाव और विचार ‘MyGov’ मंच पर साझा कर सकते हैं।

MyGov पर दे सकते हैं अपना सुझाव

बयान में कहा गया है कि नागरिकों को इस वार्षिक पहल में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इसका उद्देश्य 'जनभागीदारी' की भावना के साथ प्रक्रिया को और अधिक समावेशी बनाना। वित्त मंत्रालय और माईगॉव पोर्टल देशभर के नागरिकों से नवोन्मेषी और रचनात्मक सुझाव प्राप्त करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। लोग MyGov मंच पर जाकर अपने सुझाव दे सकते हैं।

कौन-कौन थे बैठक में

इन बैठकों में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, वित्त विभाग और दीपम के सचिव तुहिन कांत पांडेय, आर्थिक मामलों के सचिव अजय सेठ, वित्तीय सेवा सचिव एम नागराजू, संबंधित मंत्रालयों के सचिव, मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन और वित्त मंत्रालय एवं संबंधित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कब पेश होगा बजट?

आम बजट 2025-26 एक फरवरी को संसद में पेश किए जाने की संभावना है। यह सीतारमण का लगातार 8वां बजट और नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का दूसरा पूर्ण बजट होगा।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article