बिजनेस

विदेशी मुद्रा भंडार में बड़ा उछाल, भारत के पास अब इतने अरब डॉलर का रिजर्व

मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार निवेशकों को यह विश्वास दिलाता है कि देश की अर्थव्यवस्था स्थिर है, जिससे विदेशी निवेश आकर्षित होता है।

Image

विदेशी मुद्रा भंडार (Istock)

India forex reserves: अमेरिका के साथ ट्रेड वॉर के बीच भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में उछाल आया है। आपको बता दें कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 15 अगस्त को समाप्त सप्ताह में 1.48 अरब डॉलर बढ़कर 695.10 अरब डॉलर हो गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह में कुल विदेशी मुद्रा भंडार 4.74 अरब डॉलर बढ़कर 693.61 अरब डॉलर पर था। शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 15 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक, विदेशी मुद्रा एसेट 1.92 अरब डॉलर बढ़कर 585.90 अरब डॉलर हो गईं।

विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ने के क्या हैं फायदे?

विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ने से देश की मुद्रा (रुपया) की स्थिरता बनी रहती है और मुद्रा के विनिमय दर में अत्यधिक उतार-चढ़ाव से बचाव होता है।

आयात भुगतान: भंडार की बढ़ोतरी से देश अपनी आवश्यक वस्तुओं और कच्चे माल के लिए आयात भुगतान आसानी से कर सकता है, जिससे आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित नहीं होती।

आर्थिक सुरक्षा: विदेशी मुद्रा भंडार आर्थिक संकट या वित्तीय दबाव के समय देश को बचाने में मदद करता है, जैसे कि बाहरी ऋण भुगतान या विदेशी निवेशकों के भरोसे को बनाए रखने में।

विनिमय दर नियंत्रण: रिजर्व बढ़ने से केंद्रीय बैंक मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप कर विनिमय दर को नियंत्रित कर सकता है और मुद्रा को अत्यधिक कमजोर होने से बचा सकता है।

निवेश आकर्षित करना: मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार निवेशकों को यह विश्वास दिलाता है कि देश की अर्थव्यवस्था स्थिर है, जिससे विदेशी निवेश आकर्षित होता है।

ऋण चुकौती क्षमता: विदेशी मुद्रा भंडार अधिक होने से देश अपने बाहरी ऋणों का भुगतान समय पर कर सकता है, जिससे क्रेडिट रेटिंग बेहतर होती है।

मौद्रिक नीति में लचीलापन: भंडार में वृद्धि से सरकार और केंद्रीय बैंक को आर्थिक नीतियों को लागू करने में अधिक स्वतंत्रता और लचीलापन मिलता है।

स्वर्ण भंडार में आई गिरावट

डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। रिजर्व बैंक ने कहा कि सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 49.3 करोड़ डॉलर घटकर 85.66 अरब डॉलर रहा।केन्द्रीय बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 4.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.78 अरब डॉलर हो गया। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार भी 1.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.75 अरब डॉलर हो गया।

रुपया 27 पैसे टूटकर बंद हुआ

घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच रुपया शुक्रवार को 27 पैसे टूटकर 87.52 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी के प्रवाह और ब्रेंट क्रूड की कीमतों में गिरावट ने हालांकि घरेलू मुद्रा को निचले स्तर पर सहारा दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 87.37 पर खुला। दिन में 87.32 से 87.55 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार करने के बाद अंत में यह 87.52 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 27 पैसे की गिरावट है। रुपया बृहस्पतिवार को 18 पैसे की गिरावट के साथ 87.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article