आज के समय में सिर्फ सैलरी पर निर्भर रहने के बजाय बहुत से लोग अपनी इनकम का दूसरा स्रोत बनाना चाहते हैं। नौकरी के साथ अगर रोजाना कुछ घंटे अतिरिक्त दिए जाएं तो घर बैठे कमाई का रास्ता बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि इसके लिए हर बार बड़ा बिजनेस शुरू करने या भारी निवेश करने की जरूरत नहीं होती। अपनी मौजूदा स्किल का इस्तेमाल कर भी फ्रीलांस या पार्ट-टाइम काम शुरू किया जा सकता है-
Freelancing
अगर आपको लिखना, डिजाइन बनाना, वीडियो एडिट करना, फोटो एडिटिंग, एक्सेल या किसी दूसरी स्किल का एक्सपीरियंस है तो फ्रीलांसिंग एक विकल्प हो सकता है। इसमें आप किसी कंपनी के फुल टाइम कर्मचारी बने बिना अलग-अलग क्लाइंट के लिए काम कर सकते हैं। शुरुआत में छोटे प्रोजेक्ट लिए जा सकते हैं और अनुभव बढ़ने के साथ बड़े प्रोजेक्ट पर काम किया जा सकता है।
Translation और Transcription
अगर आपको हिंदी और अंग्रेजी या किसी दूसरी भाषा की अच्छी जानकारी है तो ट्रांसलेशन का काम भी किया जा सकता है। इसी तरह Audio या Video को सुनकर उसे टेक्स्ट में बदलने यानी ट्रांस्क्रिप्शन का काम भी कुछ लोगों के लिए पार्ट-टाइम कमाई का विकल्प हो सकता है।
ऑनलाइन ट्यूशन क्लास
अगर आपको किसी विषय की अच्छी जानकारी है तो ऑनलाइन पढ़ाने का विकल्प भी मौजूद है। स्कूल के विषयों से लेकर भाषा, कंप्यूटर या किसी खास स्किल की ऑनलाइन क्लास ली जा सकती है। इसमें सबसे जरूरी बात यह है कि आप जिस विषय को पढ़ा रहे हैं, उसमें आपकी अच्छी पकड़ हो। क्लास का समय नौकरी के बाद या वीकेंड पर रखा जा सकता है।
ऑनलाइन रिसेलिंग
अगर आपके पास कोई प्रोडक्ट बेचने का आइडिया है तो नौकरी के साथ छोटा ऑनलाइन बिजनेस भी शुरू किया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर घर पर बने कुछ प्रोडक्ट, आर्ट एंड क्राफ्ट, कस्टमाइज्ड गिफ्ट या दूसरे सामान को ऑनलाइन बेचा जा सकता है। लेकिन इसमें शुरुआत करने से पहले लागत, पैकेजिंग, डिलीवरी, रिटर्न और प्लेटफॉर्म फीस जैसे खर्चों को समझना जरूरी है।
इन बातों का भी रखें ध्यान
ध्यान दें, नौकरी के साथ दूसरे काम शुरू करने से पहले अपनी कंपनी की Employment Policy जरूर पढ़ें। कुछ कंपनियां कर्मचारियों को दूसरे व्यवसाय या पार्ट-टाइम काम को लेकर विशेष नियम रखती हैं। ऐसा कोई काम न करें जिससे आपकी मौजूदा नौकरी, कंपनी की गोपनीय जानकारी या काम की परफॉर्मेंस पर असर पड़े।
