Bank Strike Today: देशभर के प्रमुख बैंक कर्मचारी संगठनों ने गुरुवार 12 फरवरी 2026 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इस घोषणा के बाद बैंक ग्राहकों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या इस दिन बैंक खुले रहेंगे या नहीं। देश के बड़े सरकारी बैंकों स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा और यूको बैंक ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को पत्र लिखकर इस हड़ताल और उससे संभावित सेवा व्यवधान की जानकारी दी है।
एसबीआई ने क्या कहा?
ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने बयान में कहा है कि बैंक ने 12 फरवरी को शाखाओं और कार्यालयों के सामान्य संचालन के लिए जरूरी इंतजाम किए हैं। हालांकि, बैंक ने यह भी स्पष्ट किया कि हड़ताल के कारण कामकाज पर सीमित असर पड़ सकता है। एसबीआई के अनुसार अगर हड़ताल होती है तो बैंक की कुछ सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, लेकिन प्रबंधन ने कोशिश की है कि ग्राहकों को कम से कम परेशानी हो। इसका मतलब है कि बैंक खुला रह सकता है, लेकिन कर्मचारियों की भागीदारी के आधार पर सेवाओं में देरी या बाधा संभव है।
बैंक ऑफ बड़ौदा का बयान
ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी बीएसई को भेजे अपने पत्र में कहा है कि बैंक ने शाखाओं और कार्यालयों के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। लेकिन अगर हड़ताल होती है, तो शाखाओं और कार्यालयों के कामकाज पर असर पड़ सकता है। बैंक ने साफ किया कि वह सामान्य सेवाएं जारी रखने की कोशिश करेगा, लेकिन कर्मचारियों की संख्या कम होने पर लेन-देन, चेक क्लियरेंस, नकद जमा-निकासी और अन्य सेवाओं में दिक्कत आ सकती है।
यूको बैंक ने क्या जानकारी दी?
ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक यूको बैंक ने भी अपने बयान में करीब यही बात दोहराई है। बैंक ने कहा कि हड़ताल के दिन सुचारू संचालन के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि, यदि हड़ताल होती है तो शाखाओं और कार्यालयों की कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है। इसका मतलब है कि यूको बैंक की सेवाएं भी आंशिक रूप से बाधित हो सकती हैं। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लें।
किन संगठनों ने किया है हड़ताल का आह्वान?
देश के प्रमुख बैंक कर्मचारी संगठनों ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) ने 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इन संगठनों ने अपने सदस्यों और इकाइयों से इस हड़ताल में शामिल होने की अपील की है। यह हड़ताल 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों (CTUs) के साथ मिलकर आयोजित की जा रही है।
हड़ताल की वजह क्या है?
बैंक संगठनों ने अपनी संयुक्त चिट्ठी में कहा है कि सरकार द्वारा प्रस्तावित नए श्रम कानून (लेबर कोड) कर्मचारियों के हितों के खिलाफ हैं। उनका आरोप है कि इन कानूनों के तहत ट्रेड यूनियन पंजीकरण के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं, जिससे कर्मचारियों के अधिकार कमजोर होंगे। इसके अलावा, बैंक कर्मचारी लंबे समय से पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अन्य सरकारी विभागों की तरह बैंक कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलना चाहिए।
ग्राहकों पर क्या होगा असर?
अगर बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी हड़ताल में शामिल होते हैं, तो शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है। नकद लेन-देन, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट जारी करना और अन्य सेवाओं में देरी हो सकती है। हालांकि, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेगी।
फरवरी 2026 में बैंक छुट्टियों की पूरी लिस्ट
| तारीख | दिन | छुट्टी का कारण | बंद रहेंगे बैंक (स्थान) |
|---|---|---|---|
| 14 फरवरी 2026 | शनिवार | दूसरा शनिवार | पूरे देश में |
| 15 फरवरी 2026 | रविवार | साप्ताहिक अवकाश / महाशिवरात्रि | पूरे देश में |
| 18 फरवरी 2026 | बुधवार | लोसार पर्व | सिक्किम |
| 19 फरवरी 2026 | गुरुवार | छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती | महाराष्ट्र |
| 20 फरवरी 2026 | शुक्रवार | राज्य स्थापना दिवस | अरुणाचल प्रदेश एवं मिजोरम |
| 22 फरवरी 2026 | रविवार | साप्ताहिक अवकाश | पूरे देश में |
| फरवरी 2026 (तिथि घोषित नहीं) | — | लुई-नगाई-नी उत्सव | मणिपुर |
| 28 फरवरी 2026 | शनिवार | चौथा शनिवार | पूरे देश में |
