Bajaj Finance To Raise Fund: बजाज फाइनेंस को क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) और कंवर्टिबल वारंट के जरिए 10,000 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए बोर्ड की मंजूरी मिल गई है। कंपनी की योजना क्यूआईपी इश्यू के माध्यम से 8,800 करोड़ रुपये और कंवर्टिबल वारंट के जरिए 1,200 करोड़ रुपये जुटाने की है।
बजाज फाइनेंस फंड जुटाएगी
कंपनी अपनी प्रमोटर बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) को प्रेफ्रेंशियल बेसिस पर 15,50,000 वारंट जारी करेगी और यह इतने ही शेयरों में कंवर्टिबल होंगे।
18 महीने का होगा समय
इन वारंट को एलॉटमेंट की तारीख से 18 महीने की अवधि के भीतर इक्विटी शेयरों में कंवर्ट किया जा सकता है। वारंट के सब्सक्रिप्श और एलॉटमेंट के दौरान बजाज फाइनेंस को पैरेंट कंपनी से कुल राशि का 25% मिलेगा, जबकि बाकी पैसे का भुगतान वारंटों को शेयरों में कंवर्ट करने पर किया जाएगा।
बजाज फिनसर्व के पास कितने शेयर हैं
बजाज फिनसर्व के पास इस समय बजाज फाइनेंस के 31,78,16,130 शेयर हैं, जो 52.45% हिस्सेदारी के बराबर हैं। सभी वारंटों को कंवर्ट करने पर, यह हिस्सेदारी बढ़कर 52.57% हो जाएगी। इससे बजाज फाइनेंस की कैपिटल में और वृद्धि होगी और कंपनी की विस्तार योजनाओं का सपोर्ट मिलेगा।
बजाज फाइनेंस के पास कितना है सरप्लस
सितंबर के अंत तक, बजाज फाइनेंस के पास लगभग 11,400 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट लिक्विडिटी सरप्लस था। 30 सितंबर तक इसकी एसेट अंडर मैनेजमेंट 2.9 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई, जो कि एक साल पहले की अवधि से 33% अधिक है। जुलाई-सितंबर तिमाही में, इसने 85.3 लाख लोन दिए, जबकि एक साल पहले यह संख्या 67.6 लाख थी।
