ATM Free Transaction Limit : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने अपने सैलरी अकाउंट होल्डर्स को एक बड़ा झटका दिया है। बैंक ने दूसरे बैंकों के एटीएम से फ्री में ट्रांजैक्शन करने की सीमा को घटा दिया है। यह नया नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होने जा रहा है। अगर आप भी एसबीआई के सैलरी अकाउंट होल्डर हैं और पैसे निकालने या अन्य कामों के लिए अक्सर दूसरे बैंकों के एटीएम (ATMs) या ऑटोमेटेड डिपॉजिट एंड विड्रॉल मशीनों (ADWMs) का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको इस बदलाव के बारे में जानना बहुत जरूरी है।
फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन की सीमा घटकर हुई आधी
फिलहाल एसबीआई के सैलरी अकाउंट होल्डर्स को हर महीने दूसरे बैंकों के एटीएम से 10 फ्री ट्रांजैक्शन करने की सुविधा मिलती है। यह छूट देश के सभी सेंटर्स पर लागू होती है। हालांकि, 1 अक्टूबर से यह सुविधा आधी रह जाएगी। नए नियमों के मुताबिक, ग्राहक अब हर महीने सिर्फ 5 फ्री ट्रांजैक्शन ही कर सकेंगे। ध्यान देने वाली बात यह है कि इस 5 की लिमिट में फाइनेंशियल (पैसे निकालना) और नॉन-फाइनेंशियल (बैलेंस चेक करना या मिनी स्टेटमेंट निकालना) दोनों तरह के ट्रांजैक्शन शामिल होंगे। यानी अगर आप केवल बैलेंस भी चेक करते हैं, तो वह भी आपकी फ्री 5 ट्रांजैक्शन की लिमिट में गिना जाएगा।
फ्री लिमिट खत्म होने पर कितना लगेगा चार्ज?
राहत की बात बस इतनी है कि फ्री लिमिट घटने के बावजूद एसबीआई ने ट्रांजैक्शन फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। लिमिट खत्म होने के बाद लगने वाला चार्ज पहले जैसा ही रहेगा। 5 फ्री ट्रांजैक्शन खत्म होने के बाद अगर आप दूसरे बैंक के एटीएम से कैश निकालते हैं, तो आपको प्रति ट्रांजैक्शन 23 रुपये और जीएसटी (GST) देना होगा। वहीं, अगर आप लिमिट खत्म होने के बाद कोई नॉन-फाइनेंशियल काम (जैसे बैलेंस चेक करना) करते हैं, तो इसके लिए आपको 11 रुपये और जीएसटी प्रति ट्रांजैक्शन चुकाना पड़ेगा। साफ शब्दों में कहें तो बैंक ने चार्जेस नहीं बढ़ाए हैं, बल्कि केवल फ्री में मिलने वाले मौकों की संख्या कम कर दी है।
एसबीआई एटीएम और अन्य ग्राहकों के लिए कोई बदलाव नहीं
एसबीआई ने अपने सार्वजनिक नोटिस में यह साफ कर दिया है कि यह नया नियम केवल सैलरी पैकेज खाताधारकों के लिए ही लाया गया है। जो लोग सामान्य सेविंग्स अकाउंट या अन्य तरह के बैंक अकाउंट इस्तेमाल करते हैं, उनके फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन की सीमा और सर्विस चार्जेस में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा, अगर एसबीआई सैलरी अकाउंट होल्डर्स पैसे निकालने के लिए खुद एसबीआई के ही एटीएम या एडीडब्ल्यूएम का इस्तेमाल करते हैं, तो उन पर भी इस नियम का कोई असर नहीं पड़ेगा। एसबीआई के अपने एटीएम पर फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा और पुराने नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे।
कार्डलेस कैश विड्रॉल रहेगा पूरी तरह फ्री
जो ग्राहक बिना एटीएम कार्ड के पैसे निकालने की सुविधा का उपयोग करते हैं, उनके लिए एक अच्छी खबर है। एसबीआई ने स्पष्ट किया है कि कार्डलेस कैश विड्रॉल (Cardless Cash Withdrawal) के नियमों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ग्राहक एसबीआई या अन्य बैंकों के एटीएम से बिना कार्ड के अनगिनत बार फ्री में पैसे निकाल सकते हैं। यह सेवा अगली सूचना तक पूरी तरह से फ्री बनी रहेगी।
