बिजनेस

बुढ़ापे में हर महीने मिलेंगे 5000 रुपये, जानिए 30 की उम्र से कितना करना होगा डिपॉजिट

रिटायरमेंट के बाद हर महीने एक तय आमदनी के लिए अटल पेंशन योजना को चुन सकते हैं। APY में सब्सक्राइबर पहले ही 1,000 से 5,000 रुपये तक की मासिक पेंशन का विकल्प चुन सकते हैं।

Image

बुढ़ापे में हर महीने मिलेगी 5000 रुपये की पेंशन (AI Generated Image)

Retirement Planning at 30: रिटायरमेंट के बाद हर महीने एक तय आमदनी बनी रहे, इसके लिए समय रहते पेंशन की योजना बनाना जरूरी है। बुढ़ापे के लिए एक नियमित आय का इंतजाम करना चाहते हैं तो अटल पेंशन योजना (Atal Pension Yojana) एक विकल्प हो सकती है।

अटल पेंशन योजना का उद्देश्य लोगों को रिटायरमेंट के बाद नियमित पेंशन की सुविधा उपलब्ध करवाना है। इसमें व्यक्ति अपने कामकाजी वर्षों के दौरान योगदान करता है और चुनी गई पेंशन के हिसाब से निवेश करता है।

उम्र के हिसाब से तय होगी योगदान राशि

योजना (APY) में पेंशन की राशि पहले से तय विकल्पों के आधार पर चुनी जाती है। इसलिए इसमें निवेश शुरू करते समय व्यक्ति को यह तय करना होता है कि भविष्य में उसे कितनी मासिक पेंशन चाहिए। जितनी कम उम्र में योजना शुरू की जाती है, आम तौर पर योगदान की अवधि उतनी लंबी होती है। इसलिए उम्र और चुनी गई पेंशन के आधार पर योगदान की राशि अलग-अलग हो सकती है।

यह योजना खासतौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर शुरू की गई थी, जिनके पास नौकरी से जुड़ी पेंशन की सुविधा नहीं है। इसमें घरेलू कामगार, छोटे कारोबारी, किसान, दिहाड़ी मजदूर और गिग वर्कर्स जैसे लोग शामिल हो सकते हैं।

1000-5000 रुपये तक की मिलेगी मंथली पेंशन

Atal Pension Yojana में निवेश करने वाला व्यक्ति अपनी जरूरत के हिसाब से 1,000, 2,000, 3,000, 4,000 या 5,000 रुपये की मासिक पेंशन का विकल्प चुन सकता है। चुनी गई पेंशन 60 साल की उम्र के बाद जीवनभर मिलने की गारंटी सरकार देती है।

30 साल की उम्र में 5,000 रुपये पेंशन के लिए कितना निवेश?

मान लीजिए कोई व्यक्ति 30 वर्ष की उम्र में अटल पेंशन योजना में शामिल होना चाहे तो वह 5,000 रुपये की मासिक पेंशन के लक्ष्य के लिए तीन तरह से पेमेंट कर सकता है। हर महीने पेमेंट के लिए 577 रुपये प्रति माह का योगदान करना होगा। अगर हर महीने पैसा जमा करना सुविधाजनक नहीं है तो तिमाही भुगतान का विकल्प भी लिया जा सकता है। इसके लिए 1,720 रुपये प्रति तिमाही जमा करने होंगे। वहीं, अगर व्यक्ति साल में दो बार यानी छमाही आधार पर भुगतान करना चाहे तो योगदान की राशि 3,405 रुपये प्रति छह महीने होगी।

कौन ले सकता है APY का लाभ?

Atal Pension Yojana में शामिल होने के लिए व्यक्ति का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। योजना के लिए व्यक्ति की उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा उसके पास सेविंग बैंक अकाउंट या Post Office Savings Account होना जरूरी है। इस योजना की एक आवश्यक शर्त यह भी है कि आवेदक Income Tax Payer नहीं होना चाहिए।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article