बिजनेस

जंगल की आग से नाराज ट्रंप ने कनाडा पर लगाया 50% टैरिफ, कनाडाई पीएम कार्नी बोले चुप नहीं बैठेंगे

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 21, 2026, 07:44 AM IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब कनाडा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ट्रंप ने कनाडा पर 50% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा कि यह ज्यादातर कनाडाई वस्तुओं पर लागू होगा।

Image

अमेरिका ने कनाडा पर गिराया टैरिफ बम

US Tariff on Canada : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के खिलाफ ट्रेड वार का मोर्चा खोल दिया है। व्हाइट हाउस की तरफ से जारी एक आधिकारिक वक्तव्य में कहा गया है कि अब अधिकांश कनाडाई उत्पादों पर 50% टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि कनाडा अमेरिकी ऑटोमोबाइल, शराब और डेयरी उत्पादों के साथ भेदभाव करता है। साथ ही व्हाइट हाउस का यह भी दावा है कि कनाडा में लगी जंगल की आग से अमेरिका की हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। इसी आधार पर ट्रंप ने अधिकारियों को कनाडा पर और सख्त कदमों की संभावनाएं भी तलाशने का निर्देश दिया है।

वहीं, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ट्रंप के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अमेरिका का फैसले मुक्त व्यापार समझौते (CUSMA/USMCA) का उल्लंघन है। इस मामले में कनाडा चुप नहीं बैठेगा। इसके साथ ही कार्नी ने कहा कि वे अपने नागरिकों, किसानों, श्रमिकों और कारोबारों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।

ट्रंप ने क्यों लगाया 50% टैरिफ?

व्हाइट हाउस के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने Trade Act, 1930 की Section 338 के तहत तीन घोषणाओं पर हस्ताक्षर कर कनाडा के अधिकांश उत्पादों पर 50% आयात शुल्क लगाने का फैसला किया है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि कनाडा लंबे समय से अमेरिकी ऑटोमोबाइल, शराब और डेयरी उत्पादों के साथ भेदभाव कर रहा है। इसके अलावा कनाडा उन चुनिंदा देशों में शामिल है जिन्होंने ट्रंप प्रशासन के पहले लगाए गए टैरिफ का जवाबी कदम उठाया था। इसी वजह से अमेरिका ने कहा कि कनाडा को "जवाबदेह" ठहराना जरूरी है।

जंगल की आग भी बनी वजह

टैरिफ की घोषणा के साथ ही व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सहयोगियों को यह भी जांचने का निर्देश दिया है कि कनाडा के जंगलों में लगी आग से अमेरिका की वायु गुणवत्ता कितनी प्रभावित हुई है। ट्रंप ने कहा, "कनाडा के जंगलों में लगी आग से अमेरिका की हवा खराब हुई है। इसकी जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर कनाडा पर अतिरिक्त टैरिफ सहित अन्य कदमों पर विचार किया जाए।"

कनाडा ने क्या कहा?

अमेरिकी फैसले के कुछ ही समय बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के कार्यालय ने आधिकारिक बयान जारी किया। कार्नी ने कहा कि अमेरिका का यह कदम Canada-United States-Mexico Agreement (CUSMA) का उल्लंघन है। उनके मुताबिक, अमेरिका पिछले कई महीनों से एकतरफा व्यापारिक फैसले ले रहा है, जबकि कनाडा ने केवल उन्हीं कदमों का जवाब दिया है, जिसका उसे अधिकार है। उन्होंने कहा कि कनाडा ने किसी व्यापार युद्ध की शुरुआत नहीं की है।

मार्क कार्नी ने अपने बयान में साफ कहा कि कनाडा अपने नागरिकों के हितों से समझौता नहीं करेगा। कार्नी ने बताया कि पिछले 18 महीनों के दौरान कनाडा ने अमेरिका के साथ व्यापार विवाद खत्म करने और CUSMA को आधुनिक बनाने के लिए कई विस्तृत प्रस्ताव दिए हैं। उन्होंने कहा कि कनाडा आने वाले हफ्तों में बातचीत तेज करने के लिए तैयार है ताकि दोनों देशों के हित में समाधान निकाला जा सके।

क्या है USMCA?

USMCA (United States-Mexico-Canada Agreement) उत्तर अमेरिका के तीन देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौता है, जो 2020 में लागू हुआ था। इसका उद्देश्य तीनों देशों के बीच व्यापार को आसान बनाना और आयात-निर्यात पर बाधाएं कम करना था। हालांकि हाल के महीनों में इस समझौते को लेकर कई विवाद सामने आए हैं और अब नए सिरे से बातचीत चल रही है।

End of Article