बिजनेस

IPO में निवेश का मौका, अगले हफ्ते इन 2 कंपनियों के आईपीओ खुलेंगे

अगले हफ्ते सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज और हेक्सागन न्यूट्रिशन के आईपीओ खुलेंगे। स्टॉक मार्केट में सुस्ती के कारण इस साल अबतक आईपीओ मार्केट में सुस्ती हैं।

Image

आईपीओ

Upcoming IPO: इस साल अबतक आईपीओ मार्केट में सुस्ती है। शेयर बाजार में तेजी नहीं होने से आईपीओ लाने वाली कंपनियों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई है। हालांकि, अब हालात बदलते हुए दिखाई दे रहे हैं। आने वाले दिनों में एक के बाद एक कई कंपनियां अपना आईपीओ ला सकती हैं। मिली जानकारी के अनुसार, शेयर बाजार में अगले सप्ताह दो कंपनियों सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज और हेक्सागन न्यूट्रिशन के कुल लगभग 770 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) खुलने जा रहे हैं।

ओएफएस हैं दोनों आईपीओ

दोनों ही कंपनी के आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) है, इसलिए कंपनियों को इस सार्वजनिक निर्गम से कोई राशि प्राप्त नहीं होगी। पूरी राशि बिक्री करने वाले शेयरधारकों को जाएगी। ये प्रस्ताव ऐसे समय में आ रहे हैं जब लगातार बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच शेयर बाजार में सुस्ती देखी जा रही है। हाल के सप्ताहों में कई कंपनियों को आईपीओ के लिए नियामकीय मंजूरी मिली है, लेकिन अनिश्चित बाजार परिस्थितियों के कारण कई कंपनियों ने अपनी सूचिबद्धता योजनाएं टाल दी हैं।

इस दिन खुलेंगे आईपीओ

सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज का आईपीओ तीन से पांच जून तक सार्वजनिक बिक्री के लिए खुला रहेगा, जबकि एंकर निवेशकों के लिए यह दो जून को खुलेगा। गैर-लौह धातु पुनर्चक्रण क्षेत्र की इस कंपनी ने अपने 630.62 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 182 से 192 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। दूसरी ओर, हेक्सागन न्यूट्रिशन का आईपीओ पांच जून को बिक्री के लिए खुलेगा और नौ जून को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली चार जून को निर्धारित की गई है।

कंपनी ने अपने 139 करोड़ रुपये के सार्वजनिक निर्गम के लिए 42-45 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। प्रस्तावित आईपीओ में प्रवर्तकों द्वारा 3.08 करोड़ से अधिक शेयरों का ओएफएस शामिल है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर निर्गम का आकार 138.87 करोड़ रुपये आंका गया है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article