बिजनेस

खेल बाजार में OTT की जंग,अमेजन प्राइम ने फैनकोड से मिलाया हाथ, Jio-Hotstar को टक्कर

  • Authored by: प्रशांत श्रीवास्तव
  • Updated Nov 16, 2023, 03:51 PM IST

Amazon Prime Video Launched Sports Channel: अमेजन प्राइम वीडिया का खेल चैलन के साथ आने से साफ है कि दुनिया के तीसरे सबसे रईस जेफ बेजोस की नजर भारतीय बाजार में बड़ा पार्टनर बनने की है। अभी इस रेस में हॉट स्टार और जियो ही बड़े प्लेयर हैं।

Image

खेल बाजार में नया प्लेयर

Amazon Prime Video Launched Sports Channel: अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) ने अपना स्पोर्ट्स चैनल लांच कर दिया है। ओटीटी प्लेटफॉर्म ने इसके लिए ड्रीम स्पोर्ट्स के मालिकाना हक वाले फैनकोड (FanCode) से हाथ मिलाया है। फैनकोड खेल के लाइव प्रसारण से लेकर दूसरी जानकारी और प्रोग्राम को देखने के लिए अमेजन प्राइम मेंबर्स को 249 रुपये रुपये खर्च करना होगा। फैनकोड ने यह इंट्रोडक्टरी ऑफर एक साल के लिए दिया है। इसके जरिए करीब 15 स्पोर्ट्स देखे जा सकेंगे। इसमें क्रिकेट के अलावा कबड्डी, फुटबाल, बास्केटबॉल, रगबी जैसे खेल शामिल होंगे।

अमेजन प्राइम वीडियो की एंट्री से साफ है कि अब भारतीय खेल बाजार को भुनाने के लिए विदेशी कंपनियों सहित देसी कंपनियां ओटीटी पर दांव लगा रही हैं। और खेल बाजार को हथियाने की इस होड़ में अमेजन, हॉट स्टार, जियो के साथ सऊदी अरब के निवेशक भी नजर लगाए हुए हैं। जाहिर है आने वाले समय में बड़ी लड़ाई दिख सकती है और इसका फायदा ओटीटी यूजर्स को होने वाला है।

अमीरों की लड़ाई

अमेजन प्राइम वीडिया का खेल चैलन के साथ आने से साफ है कि दुनिया के तीसरे सबसे रईस जेफ बेजोस की नजर भारतीय बाजार में बड़ा पार्टनर बनने की है। अभी इस रेस में हॉट स्टार और जियो ही बड़े प्लेयर हैं। भारत-न्यूजीलैंड के बीच हुए क्रिकेट विश्वकप के पहले सेमीफाइनल मैच में अकेले हॉट स्टार पर 5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने मैच देखा है। जाहिर है कि अब भारत फाइनल में पहुंच चुका है तो यह नंबर उस दिन और ज्यादा हो सकता है।

इस बीच मुकेश अंबानी ने जियो के जरिए टेलीकॉम सेक्टर जैसा धमाल ओटीटी में भी करने की तैयारी कर ली है। इसकी शुरूआत जियो ने आईपीएल के प्रसारण से कर दिया। उसने आईपीएल को फ्री में दिखाकर हॉटस्टॉर को बड़ी चोट पहुंचाई। और बाजार में बने रहने के लिए हॉटस्टार ने विश्वकप को फ्री में दिखाने पर मजबूर होना पड़ा। और अब ऐसी खबरें हैं कि मुकेश अंबानी हॉटस्टार को खरीदने की होड़ में है। साफ है कि खेल के ओटीटी बाजार में जेफ बेजोस और मुकेश अंबानी जैसे अरबपतियों की लड़ाई हो सकती है।

सऊदी अरब की भी नजर

भारतीय खेल बाजार कितना मुनाफे का सौदा साबित हो सकता है, इसे सऊदी अरब के आईपीएल में निवेश की खबरों से समझा जा सकता है। ऐसी खबरें आई हैं कि सऊदी अरब बीसीसीआई को आईपीएल में हिस्सेदारी खरीदने के लिए 5 अरब डॉलर का ऑफर दिया है। जाहिर है इस कारोबारी लड़ाई में यूजर्स को बड़ा फायदा मिलने वाला है। क्योंकि यूजर हथियाने की होड़ में फ्री का दौर लंबे समय तक जारी रह सकता है।

प्रशांत श्रीवास्तव
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article